जशपुर: झारखंड से छत्तीसगढ़ आ रही नशीली इंजेक्शनों की खेप जब्त
जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की जशपुर पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़े अभियान में अंतरराज्यीय नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए झारखंड से अंबिकापुर ले जाई जा रही नशीली इंजेक्शनों की एक बड़ी खेप बरामद की है. इस कार्रवाई में गिरोह के मुख्य सप्लायर सहित कुल पांच आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा गया है.
पुलिस ने तस्करों के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित इंजेक्शन, एक कार, एक मोटरसाइकिल, चार मोबाइल और नकदी बरामद की है, जिसकी कुल कीमत करीब 3.98 लाख रुपये आंकी गई है.
मामले की शुरुआत 9 जून 2026 की दरमियानी रात को हुई, जब जशपुर सिटी कोतवाली की टीम सारूडीह मार्ग पर रूटीन गश्त पर थी. इसी दौरान एक संदिग्ध मारुति सेलेरियो कार पुलिस को देखकर तेजी से हाथीसार (किनकेल) के जंगलों की तरफ भागने लगी. पुलिस ने जब पीछा किया, तो आरोपी वाहन को जंगल किनारे छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले.
इसके बाद पुलिस ने स्थानीय 'पुलिस मितान' टीम के सहयोग से पूरे जंगल की घेराबंदी की और सघन तलाशी अभियान चलाकर वहां छिपे तीन आरोपियों को दबोच लिया. पकड़े गए तस्करों की पहचान दीपक लकड़ा (सरगुजा), अमन सिंह (अंबिकापुर) और आलोक साय (अंबिकापुर) के रूप में हुई है.
कार की सघन तलाशी लेने पर पुलिस को भारी मात्रा में प्रतिबंधित रेक्सोजेसिक (ब्यूप्रेनोर्फिन) और एविल (फेनिरामाइन मैलेट) इंजेक्शन मिले. आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ करने पर इस गिरोह के मुख्य सरगना का सुराग मिला.
तस्करों ने कुबूल किया कि वे यह माल झारखंड के गुमला जिले के तिगरा गांव निवासी मोहम्मद शमशेर खान से खरीदकर ला रहे थे. जशपुर पुलिस ने फौरन झारखंड में दबिश देकर मुख्य सप्लायर शमशेर खान को भी गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से एविल इंजेक्शन की 750 अतिरिक्त शीशियां, एक बाइक और 5 हजार रुपये नकद बरामद हुए.
इस मामले में शामिल एक अन्य फरार आरोपी अरुण राम (निवासी सुभाष नगर, अंबिकापुर) को भी पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है. इस तरह गिरोह के सभी पांचों सदस्य अब पुलिस की गिरफ्त में हैं. पुलिस द्वारा कुल 12,850 एमएल नशीली दवाइयां जब्त की गई हैं, जिसमें रेक्सोजेसिक के 865 एमएल और एविल की 1200 शीशियां शामिल हैं.
केवल जब्त नशीले पदार्थों की कीमत ही करीब 81 हजार रुपये है. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
इस बड़ी कामयाबी पर जशपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि 'पुलिस मितान' की सक्रियता और टीम की सूझबूझ से इस अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश संभव हो सका है.
उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि जिले में नशे का अवैध कारोबार करने वालों और युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने वाले तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.