शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

जगदलपुर: इंटर्न डॉक्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल

C

CG Khabar

04 अग. 2026, 02:02 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

 इंटर्न डॉक्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल
इंटर्न डॉक्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल

जगदलपुर । संवाददाता: जगदलपुर के डिमरापाल स्थित स्वर्गीय बलीराम कश्यप स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में इंटर्न और पीजी रेजिडेंट डॉक्टरों ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. लंबे समय से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग कर रहे 100 से भी अधिक इंटर्न डॉक्टर मंगलवार से कॉलेज परिसर की पार्किंग में धरना देकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए हैं. 


इससे पहले वे कई दिनों तक बांह पर काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज करा रहे थे, लेकिन समाधान न निकलने पर उन्होंने काम बंद करने का कड़ा फैसला लिया है.


प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों का आरोप है कि छत्तीसगढ़ में इंटर्न और पीजी रेजिडेंट्स को मिलने वाला मासिक भत्ता देश के अन्य राज्यों के मुकाबले बेहद कम है. 


वर्तमान में राज्य में यूजी इंटर्न को केवल 15,900 रुपये और पीजी प्रथम वर्ष के डॉक्टरों को 67,500 रुपये प्रति माह दिए जा रहे हैं, जो उनकी सेवाओं और अन्य राज्यों की तुलना में काफी असंतोषजनक है. 

आंदोलनकारियों का स्पष्ट कहना है कि उचित मानदेय उनका अधिकार है और जब तक सरकार स्टाइपेंड में सम्मानजनक बढ़ोतरी की स्पष्ट घोषणा नहीं करती, तब तक उनका यह आंदोलन लगातार जारी रहेगा.


डॉक्टरों के हड़ताल पर जाने से अस्पताल की नियमित चिकित्सा सेवाओं पर असर पड़ रहा है. 


हालांकि, मरीजों की असुविधा को देखते हुए कॉलेज और अस्पताल प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर जूनियर डॉक्टरों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई है. इससे व्यवस्था तो संभाली जा रही है, लेकिन जूनियर डॉक्टरों पर कामकाज का भारी दबाव बन गया है. अब सभी की निगाहें राज्य सरकार के रुख पर टिकी हैं कि वह आंदोलनकारियों से संवाद कर इस समस्या का क्या हल निकालती है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP