शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

जगदलपुर: फ्रेंडशिप डे मनाने जा रही छात्रा की सड़क दुर्घटना में मौत

C

CG Khabar

02 अग. 2026, 02:13 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

सड़क दुर्घटना
सड़क दुर्घटना

जगदलपुर । संवाददाता: बस्तर जिले के कोड़ेनार थाना अंतर्गत रायकोट रेलवे क्रॉसिंग के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में 11वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा आरती नाग की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी दो सहेलियां दीपिका और उर्मिला गंभीर रूप से घायल हो गईं. फ्रेंडशिप डे के अवसर पर खुशियां मनाने जा रही छात्राओं के साथ हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैला दी है.


प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेगीगुड़ा कोटवारपारा की रहने वाली आरती अपनी दोनों सहेलियों के साथ स्कूटी पर सवार होकर मंडवा जलप्रपात घूमने जा रही थी. इसी दौरान रायकोट रेलवे क्रॉसिंग के पास पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार टिप्पर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. 


टक्कर इतनी भीषण थी कि आरती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं उसकी दोनों सहेलियां सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं.


दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए घायलों को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है. 


घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर भाग खड़ा हुआ. सूचना मिलते ही कोड़ेनार थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मृतका के शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मर्ग कायम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है, वहीं पुलिस अज्ञात टिप्पर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP