गौरव गोगोई के परिवार को राजनीति में घसीटना गलत- प्रियंका गांधी
गुवाहाटी । डेस्क: कांग्रेस नेता और वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा द्वारा गौरव गोगोई पर किए जा रहे हमलों की कड़े शब्दों में आलोचना की है. मुख्यमंत्री द्वारा गौरव गोगोई के कथित 'पाकिस्तान लिंक' को लेकर किए गए दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि राजनीति में किसी नेता के परिवार और बच्चों को निशाना बनाना पूरी तरह से गलत है.
उन्होंने कहा कि गौरव गोगोई सकारात्मक और प्रेम की राजनीति कर रहे हैं, जबकि दूसरी ओर ध्रुवीकरण की राजनीति की जा रही है. प्रियंका गांधी ने जोर देकर कहा कि असम के मुख्यमंत्री को व्यक्तिगत हमलों के बजाय राज्य के युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार तथा बढ़ते भ्रष्टाचार जैसे असल मुद्दों पर बात करनी चाहिए.
इससे पहले प्रियंका गांधी ने गुवाहाटी के बाहरी इलाके सोनापुर स्थित 'जुबीन क्षेत्र' जाकर प्रसिद्ध गायक जुबीन गर्ग को श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका यह दौरा पूरी तरह से निजी और सम्मान प्रकट करने के लिए था, क्योंकि जुबीन गर्ग राजनीति से ऊपर थे और उन्होंने जीवन भर प्रेम का संदेश फैलाया.
उन्होंने कहा कि जुबीन गर्ग का श्मशान घाट एक पवित्र स्थान है और इसका राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए.
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि असम की जनता के साथ विश्वासघात किया जा रहा है और लोग इस सच्चाई को अच्छी तरह समझ रहे हैं.