इसरो की 101वीं लॉन्च की कोशिश नाकाम
छत्तीसगढ़ इसरो का मिशन तकनीकी खराबी के चलते फेल हो गया
श्रीहरिकोटा | डेस्कः भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से शनिवार को पीएसएलवी-सी 61 रॉकेट लॉन्च किया, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते मिशन सफल नहीं हो सका.
लॉन्च के बाद तीसरे चरण के दौरान मिशन अधूरा रह गया. इस बात की जानकारी इसरो प्रमुख वी. नारायणन ने दी.
इस मिशन के तहत ईओएस-09 (अर्थ ऑब्ज़र्वेशन सैटेलाइट-09) को सन सिनक्रोनस पोलर ऑर्बिट (एसएसपीओ) में स्थापित किया जाना था.
इसरो ने इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर लिखा कि "आज 101वीं लॉन्च की कोशिश की गई. पीएसएलवी-सी 61 का प्रदर्शन दूसरे चरण तक सामान्य रहा. लेकिन तीसरे चरण में एक जांच के बाद इस मिशन को पूरा नहीं किया जा सका."
ईओएस-09 सेटेलाइट ईओएस-04 का रिपीट संस्करण है. इसे इस उद्देश्य से बनाया गया था कि यह देश की रिमोट सेंसिंग क्षमताओं को और मज़बूत कर सके.
इस मिशन का उद्देश्य उन्नत पृथ्वी अवलोकन सैटेलाइट ईओएस-09 को सूर्य समकालिक ध्रुवीय कक्षा में स्थापित करना था, लेकिन तकनीकी गड़बड़ी के कारण सैटेलाइट अपनी तय कक्षा में नहीं पहुंच सका.
इसरो ने रविवार सुबह 5:59 बजे ईओएस-09 को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से प्रक्षेपित किया था.
इसरो ने मिशन फेल होने के कारणों का पता लगाने के लिए एक कमेटी बनाई है.
इसरो जल्द ही इसकी जांच पूरी कर एक तकनीकी रिपोर्ट जारी करेगा.