सुरक्षा कारणों से बांग्लादेश के भारतीय वीजा केंद्र बंद
ढाका । डेस्क: बांग्लादेश में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति और बढ़ते भारत विरोधी बयानों के बीच भारत सरकार ने राजशाही और खुलना स्थित अपने भारतीय वीजा आवेदन केंद्रों (IVAC) को गुरुवार को पूरे दिन के लिए बंद रखने का निर्णय लिया है. वीजा केंद्र की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, जिन आवेदकों ने गुरुवार के लिए अपॉइंटमेंट बुक किया था, उन्हें जल्द ही नई तारीख और समय की जानकारी दी जाएगी.
इससे पहले बुधवार को ढाका स्थित मुख्य वीजा केंद्र को भी दोपहर 2 बजे के बाद अचानक बंद कर दिया गया था.
यह घटनाक्रम ऐसे समय में आया है जब बांग्लादेश में आगामी 12 फरवरी को होने वाले आम चुनावों और 'जुलाई सनद' जनमत संग्रह को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज है.
हाल ही में छात्र आंदोलन के नेता हसनात अब्दुल्ला द्वारा भारत के पूर्वोत्तर राज्यों (सेवन सिस्टर्स) को लेकर दिए गए विवादित और अलगाववादी बयान के बाद नई दिल्ली ने कड़ा रुख अपनाया है.
बुधवार को ही भारत के विदेश मंत्रालय ने बांग्लादेशी राजदूत एम. रियाज हामिदुल्ला को तलब कर अपनी गंभीर चिंता जताई थी.
ढाका में भारतीय उच्चायोग के बाहर हुए हालिया प्रदर्शनों और चुनावी हिंसा की आशंका को देखते हुए भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर भी चिंता जताई जा रही है.
अमेरिकी दूतावास ने भी हाल ही में इस अशांत माहौल को लेकर चेतावनी जारी की है.