मासूम सुमाना ने जाते-जाते दो लोगों को दी नई जिंदगी
रायपुर । संवाददाता: रायपुर की 13 वर्षीय सुमाना कुंडू ने दुनिया से जाते-जाते दो मरीजों को जीवन का सबसे बड़ा अनमोल तोहफा दे दिया. एम्स रायपुर में ब्रेन डेड घोषित होने के बाद सुमाना के परिजनों ने अंगदान का एक साहसिक और अनुकरणीय फैसला लिया. इसके तहत सुमाना की दोनों किडनियां दो गंभीर मरीजों को ट्रांसप्लांट की गईं, जिससे उन्हें नया जीवन मिला है. एम्स रायपुर के इतिहास में यह पहला पीडियाट्रिक ऑर्गन डोनेशन है.
सुमाना बचपन से 'पिकनोडिसॉस्टोसिस' (Pyknodysostosis) नाम की एक बेहद दुर्लभ अनुवांशिक बीमारी से पीड़ित थीं. इस बीमारी के कारण हड्डियां असामान्य रूप से घनी और कमजोर हो जाती हैं. बचपन से ही वह गंभीर न्यूरोलॉजिकल समस्याओं और आंखों की रोशनी जाने जैसी दिक्कतों से जूझ रही थीं.
बीते 29 मई को हालत बिगड़ने पर उन्हें एम्स के पीडियाट्रिक आईसीयू में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका और डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया.
इस दुखद घड़ी में ट्रांसप्लांट कोआर्डिनेटरों की काउंसलिंग के बाद सुमाना के परिवार ने अंगदान की सहमति दी. 'सोटो' (SOTTO) छत्तीसगढ़ के दिशा-निर्देशों और वेटिंग लिस्ट के नियमों के तहत दोनों किडनियों को आवंटित किया गया.
इनमें से एक किडनी रायपुर के ही एक 15 वर्षीय किशोर को दी गई, जो पिछले तीन साल से डायलिसिस पर था. वहीं दूसरी किडनी मध्य प्रदेश के बालाघाट के एक 45 वर्षीय मरीज को ट्रांसप्लांट की गई, जो पिछले पांच वर्षों से डायलिसिस के सहारे जी रहे थे. डॉक्टरों के अनुसार, दोनों ट्रांसप्लांट सफल रहे हैं और मरीज आईसीयू में तेजी से रिकवर हो रहे हैं.
एम्स रायपुर के डॉक्टरों ने बताया कि संस्थान में अब तक 99 किडनी ट्रांसप्लांट हो चुके हैं, जिनमें से 14 डिसीज्ड डोनर (ब्रेन डेड मरीजों) के माध्यम से हुए हैं.
सुमाना के इस सर्वोच्च बलिदान और उनके परिवार की सामाजिक जिम्मेदारी को देखते हुए एम्स प्रबंधन और कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (रिटायर्ड) ने परिवार का आभार व्यक्त किया. अस्पताल परिसर में मासूम सुमाना को सम्मानपूर्वक 'गार्ड ऑफ ऑनर' भी दिया गया.