यदि नीतियां सही हैं तो जनता को लाभ क्यों नहीं- अरुण वोरा
दुर्ग । संवाददाता: केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक अरुण वोरा ने सवाल उठाया है कि अगर सरकार के फैसले और रणनीतियां सही हैं, तो जमीनी स्तर पर आम लोगों को इसका लाभ क्यों नहीं मिल पा रहा है? उन्होंने कहा कि सरकार ने 41 देशों से ईंधन की आपूर्ति सुनिश्चित करने का दावा किया था, लेकिन इसके बाद भी घरेलू गैस के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी समझ से परे है.
वोरा ने चुनावी वादों की याद दिलाते हुए कहा कि चुनाव से पहले जनता को 500 रुपए में एलपीजी सिलेंडर देने का भरोसा दिलाया गया था, जो आज तक सिर्फ एक अधूरा वादा बनकर रह गया है.
हाल ही में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में 29 रुपए की वृद्धि होने पर नाराजगी जताते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि इस बढ़ोतरी ने आम उपभोक्ताओं की कमर तोड़ दी है. महंगाई की चौतरफा मार से गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्ग के परिवारों का पूरा बजट गड़बड़ा गया है.
पिछले कुछ समय से केवल रसोई गैस ही नहीं, बल्कि खाद्य तेल, दालें, सब्जियां और अन्य जरूरी चीजें भी लगातार महंगी हो रही हैं, जिससे आम आदमी के लिए घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है.
इस आर्थिक दबाव का सबसे ज्यादा असर घर की महिलाओं और गृहिणियों पर पड़ रहा है. अरुण वोरा के अनुसार, पिछले 12 वर्षों के भीतर घरेलू गैस की कीमतों में बेतहाशा इजाफा हुआ है.
इसके साथ ही सीएनजी और कमर्शियल सिलेंडरों के दाम बढ़ने से माल ढुलाई और अन्य व्यापारिक लागतें बढ़ी हैं, जिसके कारण बाजार में हर चीज महंगी होती जा रही है.
उन्होंने केंद्र की उज्ज्वला योजना पर भी तंज कसते हुए कहा कि करोड़ों गरीब परिवारों ने कनेक्शन तो ले लिए, लेकिन सिलेंडर रिफिल कराने के पैसे न होने के कारण वे आज दोबारा लकड़ी और कोयले जैसे पारंपरिक व प्रदूषणकारी ईंधनों का सहारा लेने को मजबूर हैं.