बुध, 18 नव. 2026

CGKhabar

HC: परिवार में एक नौकरी होने पर भी मिल सकती है अनुकंपा नियुक्ति

C

CG Khabar

01 जून 2026, 08:28 AM 3 मिनट में पढ़ें 34

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट

बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय की एक खंडपीठ ने अनुकंपा नियुक्ति को लेकर एक बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील फैसला सुनाया है. मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति रवींद्र कुमार अग्रवाल की बेंच ने स्पष्ट किया है कि केवल इस आधार पर अनुकंपा नियुक्ति देने से मना नहीं किया जा सकता कि परिवार का कोई अन्य सदस्य पहले से नौकरी में है. 


अदालत ने कहा कि प्रशासन को फैसले लेने से पहले परिवार की वास्तविक आर्थिक स्थिति और उसकी तंगहाली का आकलन करना होगा, क्योंकि इस नीति का मुख्य उद्देश्य संकट में फंसे परिवार को तुरंत मानवीय सहायता पहुंचाना है.

विज्ञापन


यह मामला अंबिकापुर नगर निगम में कार्यरत एक सफाई कर्मी के निधन से जुड़ा है. कर्मचारी की मृत्यु के बाद उनके आश्रित बेटे ने अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन किया था. हालांकि, नगर निगम ने इस आवेदन को केवल इसलिए खारिज कर दिया क्योंकि मृतक की पत्नी (यानी आवेदक की मां) पहले से ही सफाई कर्मचारी के रूप में काम कर रही थीं. 


इसके खिलाफ याचिकाकर्ता ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जहां सिंगल बेंच ने निगम के आदेश को रद्द करते हुए अनुकंपा नियुक्ति देने का निर्देश दिया था. इस फैसले के खिलाफ नगर निगम के कमिश्नर ने खंडपीठ में अपील दायर की थी.


नगर निगम की दलील थी कि साल 2013 की नीति के तहत यदि परिवार का कोई भी सदस्य सरकारी सेवा में है, तो अनुकंपा नियुक्ति नहीं दी जा सकती. निगम ने पुराने फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि कोर्ट को नीति के नियमों में बदलाव या ढील देने का अधिकार नहीं है. 


वहीं दूसरी ओर, पीड़ित पक्ष का कहना था कि मां की आय बेहद कम है और मुख्य कमाने वाले की मौत के बाद इतने बड़े परिवार का गुजारा करना नामुमकिन हो गया है. अधिकारियों ने जमीनी हकीकत को समझे बिना केवल तकनीकी आधार पर आवेदन निरस्त कर दिया.


दोनों पक्षों को सुनने के बाद डिवीजन बेंच ने सिंगल जज के फैसले को सही ठहराया और नगर निगम की अपील को खारिज कर दिया. हाईकोर्ट ने अपने फैसले में टिप्पणी की कि अनुकंपा नियुक्ति कोई स्थायी अधिकार नहीं है, बल्कि एक मानवीय रियायत है जिसका मकसद परिवार को अचानक आए आर्थिक संकट से उबारना है. 


अदालत ने साफ कहा कि अगर परिवार का कोई सदस्य बेहद कम वेतन वाले पद पर काम कर रहा है, तो इसका यह मतलब बिल्कुल नहीं है कि वह परिवार आर्थिक तंगहाली से बाहर आ चुका है. अधिकारियों को ऐसे मामलों में तकनीकी अड़चनें पैदा करने के बजाय व्यावहारिक और कल्याणकारी दृष्टिकोण अपनाना चाहिए.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
राहुल द्रविड़ और अमनदीप खरे
छत्तीसगढ़ विशेष

रणजी ट्रॉफी में रनों की बारिश के बावजूद टीम इंडिया और इंडिया-ए से दूर छत्तीसगढ़ का कप्तान

4 दिन पहले

C.V. Raman University
छत्तीसगढ़ विशेष

सावधान! क्या आपकी भी डिग्री C.V. Raman University से है?

4 दिन पहले

SIR- सांकेतिक फोटो
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़: मतदाता सूची में नाम जोड़ने व सुधार 11 दिसंबर तक, 4 जनवरी को अंतिम प्रकाशन

5 दिन पहले

स्वच्छता अभियान- फाइल फोटो
छत्तीसगढ़ विशेष

स्वच्छता में छत्तीसगढ़ का डंका: राष्ट्रपति ने 3 निकायों को किया पुरस्कृत, बिल्हा देश में नंबर-1

6 दिन पहले

AI Generated Photo
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ में 5 दिनों में गटक गए 54.60 करोड़ की शराब, विदेशी स्पिरिट का रहा दबदबा

6 दिन पहले

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का फैसला: फतवे की कोई कानूनी मान्यता नहीं, याचिका खारिज

1 सप्ताह पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP