विशाखापत्तनम में गूगल का मेगा AI हब: $15 बिलियन निवेश करेंगे सुंदर पिचाई
नई दिल्ली । डेस्क: गूगल और अल्फाबेट के सीईओ सुंदर पिचाई ने विशाखापत्तनम में एक फुल-स्टैक एआई हब स्थापित करने की घोषणा की है. यह पहल भारत में कंपनी के $15 बिलियन के बुनियादी ढांचा निवेश का एक प्रमुख हिस्सा है.
एआई इम्पैक्ट समिट में बोलते हुए पिचाई ने स्पष्ट किया कि इस केंद्र में गीगावाट-स्केल की कंप्यूटिंग क्षमता और एक नया अंतरराष्ट्रीय सबसी केबल गेटवे होगा, जो न केवल देश में नौकरियों के अवसर बढ़ाएगा बल्कि एआई तक सबकी पहुंच भी सुनिश्चित करेगा.
सुंदर पिचाई ने जोर देकर कहा कि तकनीक का लाभ सभी को मिलना चाहिए ताकि 'डिजिटल डिवाइड' कहीं 'एआई डिवाइड' में न बदल जाए.
इसी कड़ी में उन्होंने 'अमेरिका-इंडिया कनेक्ट' पहल के तहत भारत और अमेरिका के बीच चार नए सबसी फाइबर ऑप्टिक केबल सिस्टम बनाने की भी घोषणा की.
पिचाई ने एआई को "हमारे जीवनकाल का सबसे बड़ा प्लेटफॉर्म शिफ्ट" और "हाइपर प्रोग्रेस" का युग बताया, जो उभरती अर्थव्यवस्थाओं को पुराने विकास चरणों को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने में मदद करेगा.
उन्होंने अल्फाफोल्ड जैसे उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे एआई वैज्ञानिक खोजों की गति बढ़ा रहा है और भविष्य में वर्कफोर्स को पूरी तरह बदल देगा.