कूनो नेशनल पार्क में गामिनी ने दिया 3 शावकों को जन्म
भोपाल । डेस्क: मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में दक्षिण अफ्रीका से लाई गई मादा चीता 'गामिनी' ने तीन स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है. केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर यह जानकारी साझा करते हुए इसे प्रोजेक्ट चीता की एक बड़ी सफलता करार दिया. यह खबर इसलिए भी खास है क्योंकि देश में अफ्रीकी चीतों के आगमन के तीन साल पूरे होने के अवसर पर इन शावकों का जन्म हुआ है.
Another good news from Kuno🐆🌿
Kuno welcomes three new cubs - A roaring new chapter at Kuno on the occasion of completion of 3 years of arrival of cheetahs from South Africa.
Celebrations echo through Kuno National Park as Gamini, the South African cheetah and second-time… pic.twitter.com/JpqnfXlpYl
गामिनी द्वारा दिए गए इन शावकों के जन्म के बाद अब भारत में चीतों की कुल आबादी बढ़कर 38 हो गई है.
मंत्री भूपेंद्र यादव ने बताया कि भारतीय धरती पर यह नौवां सफल चीता लिटर (शावकों का जन्म) है, जिसके बाद अब देश में जन्मे जीवित शावकों की संख्या 27 तक पहुंच गई है. उन्होंने इस उपलब्धि को भारत के ऐतिहासिक संरक्षण प्रयासों का एक शक्तिशाली प्रतीक बताया और निगरानी में जुटी ग्राउंड टीमों की सराहना की.
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी इस गौरवशाली क्षण पर प्रसन्नता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश अब चीतों के पुनरुद्धार और संरक्षण का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है.
मुख्यमंत्री के अनुसार, वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता के संतुलन की दिशा में यह पूरे देश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है. गौरतलब है कि इसी महीने की शुरुआत में नामीबिया से लाई गई मादा चीता 'आशा' ने भी पांच शावकों को जन्म दिया था, जिससे कूनो में चीतों का कुनबा लगातार बढ़ रहा है.