दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन में आग, 3 लोगों की मौत
नई दिल्ली । डेस्क: देश की राजधानी दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी इलाके के तुगलकाबाद एक्सटेंशन (गोविंदपुरी) इलाके में शुक्रवार (12 जून, 2026) के तड़के एक पांच मंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लग गई. इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दम घुटने और झुलसने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं. घायलों में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला भी शामिल हैं, जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गोविंदपुरी थाने को तड़के करीब 2:31 बजे इमारत में आग लगने की सूचना मिली थी. ग्राउंड फ्लोर पर खड़े दोपहिया वाहनों और साइकिलों में अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटों से ज्यादा खतरनाक उसका जहरीला धुआं था, जो तेजी से पूरी पांच मंजिला इमारत में फैल गया और सीढ़ियों के रास्ते को ब्लॉक कर दिया. इसकी वजह से ऊपरी मंजिलों पर रह रहे लोग अंदर ही फंस गए.
हादसे की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाई. लोगों ने एक-दूसरे की मदद के लिए 'ह्यूमन चेन' बनाई और बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने तथा लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश में जुट गए.
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और एक समन्वित रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. इमारत में फंसे 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर तुरंत सफदरजंग अस्पताल और एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया.
पुलिस ने बताया कि इस हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोग तीसरी मंजिल के निवासी थे, जिनकी पहचान पंकज (28), उनकी मां गुड्डी (50) और बहन सोनी (20) के रूप में हुई है. वहीं, परिवार की दूसरी बेटी मोनी (18) और उनकी 70 वर्षीय नानी इस हादसे में गंभीर रूप से झुलस गई हैं और अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही हैं.
पुलिस और स्थानीय लोगों की सूझबूझ से अन्य मंजिलों पर रहने वाले किराएदारों को समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया.
शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि ग्राउंड फ्लोर पर हुए शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ, जिसने वहां खड़ी गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया.
गौरतलब है कि दिल्ली में एक हफ्ते के भीतर यह दूसरा बड़ा अग्निकांड है; इससे पहले मालवीय नगर के एक होटल में लगी आग में 21 लोगों की जान चली गई थी. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की तफ्तीश की जा रही है.