ममता बनर्जी पर कलकत्ता HC के आदेश के उल्लंघन पर FIR
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी की मुश्किलें बढ़ गई हैं. तृणमूल छात्र परिषद (टीएमसीपी) के स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान कलकत्ता उच्च न्यायालय द्वारा तय की गई शर्तों के कथित उल्लंघन के मामले में कोलकाता पुलिस ने उनके और आयोजकों के खिलाफ सुओ मोटू से एफआईआर दर्ज की है.
यह मामला 28 अगस्त को कोलकाता के हेस्टिंग्स पुलिस स्टेशन में उप-निरीक्षक अपू वैद्य की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है.
पुलिस अधिकारी के अनुसार, मध्य कोलकाता के कैथेड्रल रोड पर आयोजित इस कार्यक्रम के लिए हाईकोर्ट ने कुछ स्पष्ट शर्तें तय की थीं. जस्टिस सौगत भट्टाचार्य ने कार्यक्रम में उपस्थिति 1,500 तक सीमित रखने और यातायात तथा कानून-व्यवस्था बाधित न होने देने के निर्देश दिए थे.
आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान टीएमसीपी समर्थकों ने पुलिस बैरिकेड्स तोड़े और सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की. इससे क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और कैथेड्रल रोड के एक तरफ का यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया. पुलिस अब जांच के दौरान इस उल्लंघन में शामिल सभी लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है.