मरवाही में भीषण गर्मी से मादा भालू की मौत
मरवाही । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मरवाही रेंज के पिपरिया गांव से सटे जंगल में ग्रामीणों को एक मादा भालू का शव मिला, जिसकी सूचना फौरन वन अमले को दी गई. मौके पर पहुंची टीम ने जब मामले की जांच की, तो पता चला कि मृत भालू की उम्र लगभग 5 वर्ष थी. मरवाही की वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) ग्रीष्मी चांद ने इस बात की पुष्टि की है कि क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी और जानलेवा लू (हीट स्ट्रोक) के कारण ही इस बेजुबान की जान गई है.
अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ) की मौजूदगी में तमाम कानूनी औपचारिकताएं और पंचनामा पूरा करने के बाद मादा भालू का अंतिम संस्कार कर दिया गया. इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद अब वन विभाग जंगलों में वन्यजीवों के लिए पानी के इंतजाम दुरुस्त करने और उन्हें तपती गर्मी से राहत दिलाने के उपायों में जुट गया है.
छत्तीसगढ़ के मरवाही वनमंडल के अंतर्गत आने वाले सिवनी वृत्त में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर वन अमला बेहद सतर्क नजर आ रहा है. दरअसल, मध्य प्रदेश की सीमा से भटककर आए चार हाथियों का एक दल इस समय घुसरिया बीट के कक्ष क्रमांक 2051 में डेरा डाले हुए है.
हालांकि राहत की बात यह है कि इस दल ने किसी भी रिहायशी इलाके या इंसान को नुकसान नहीं पहुंचाया है, लेकिन कुम्हारी, चिचगोहना, घुसरिया और मजीतटोला के करीब 12 किसानों की फसलों को हाथियों ने काफी तहस-नहस कर दिया है.
वन विभाग के अधिकारियों का अनुमान है कि यह दल आने वाले समय में पंडरी, सचराटोला या मरवाही परिसर का रुख कर सकता है. इसी वजह से प्रभावित गांवों में लगातार मुनादी कराई जा रही है और ग्रामीणों को जंगल की तरफ न जाने की सख्त हिदायत दी जा रही है. वन परिक्षेत्र के कर्मचारी पल-पल हाथियों के इस दल की निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके.