रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

EU ने रूस की सेंट्रल बैंक की 22 लाख करोड़ की संपत्ति फ्रीज की

C

CG Khabar

13 दिस. 2025, 06:33 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

पुतिन
पुतिन

नई दिल्ली । डेस्क: यूरोपीय संघ ने रूस के सेंट्रल बैंक की संपत्ति को अनिश्चित काल के लिए फ्रीज कर दिया है. यह कदम तब उठाया गया है जब रूस और यूक्रेन के बीच लगभग चार साल से युद्ध जारी है. यह संपत्ति 2022 में रूस द्वारा यूक्रेन पर आक्रमण के तुरंत बाद जब्त कर ली गई थी. 


पहले, हर छह महीने में मतदान के आधार पर फ्रीज की अवधि बढ़ाई जा रही थी, लेकिन अब यूरोपीय संघ ने इसे स्थायी रूप से अनिश्चित काल तक के लिए रोक दिया है.

विज्ञापन


समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, रूस के सेंट्रल बैंक की करीब 246 अरब डॉलर की संपत्ति यूरोप में है, जिसका भारतीय मुद्रा में मूल्य 22 लाख करोड़ रुपये से अधिक है. 

यूरोपीय देश अब इस संपत्ति का इस्तेमाल यूक्रेन को युद्ध में मदद करने के लिए कर सकते हैं. यूरोपीय संघ पहले दिन से ही यूक्रेन के पक्ष में रहा है और उसने उसे वित्तीय सहायता देने का वादा किया है, क्योंकि वे रूस की आक्रामकता को यूरोप की सुरक्षा के लिए खतरनाक मानते हैं.


यूरोपीय संघ के भीतर दो देश, हंगरी और स्लोवाकिया, रूस के साथ करीबी संबंध रखते हैं. हर छह महीने में होने वाले मतदान में इन दोनों देशों के आपत्ति जताने की संभावना रहती थी, लेकिन अब अनिश्चित काल के लिए संपत्ति फ्रीज होने से यह मौका खत्म हो गया है.


यूरोपीय संघ की योजना है कि रूस की जब्त संपत्ति के माध्यम से यूक्रेन को कर्ज दिया जाए. इस योजना के तहत, जब रूस युद्ध के नुकसान की भरपाई करेगा, तो यूक्रेन यूरोपीय संघ के उस कर्ज को चुकाएगा. इस संबंध में अंतिम निर्णय के लिए यूरोपीय नेता आगामी 18 दिसंबर को बैठक करेंगे. यूक्रेन ने यूरोपीय संघ के इस फैसले का स्वागत किया है. 


कई लोगों का मानना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा रूस के खिलाफ कार्रवाई के लिए यूरोपीय संघ पर लगातार बनाए जा रहे दबाव ने भी इस निर्णय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. ट्रम्प ने सत्ता में आने से पहले ही इस युद्ध को समाप्त करने का दावा किया था, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP