बंगाल में बंदूक की नोक पर हुआ चुनाव- अखिलेश यादव
कोलकाता । डेस्क: समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से उनके आवास पर मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि बंगाल चुनाव के दौरान "बहुस्तरीय माफियागिरी" के जरिए जनादेश की चोरी की गई है.
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बीजेपी और चुनाव आयोग ने मिलकर एक ऐसी साजिश रची, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती थी. उन्होंने दावा किया कि बंगाल में चुनाव बंदूक की नोक पर कराए गए और चुनिंदा अधिकारियों को तृणमूल कांग्रेस को हराने के निर्देश दिए गए थे.
अखिलेश ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व वाले चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त अधिकारियों को भाजपा ने हार के बदले अच्छी पोस्टिंग का लालच दिया था.
वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का मुद्दा उठाते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि 'विशेष गहन संशोधन' (SIR) के नाम पर करीब 27 लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए, जिससे वे अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर सके.
उन्होंने ममता बनर्जी के सुर में सुर मिलाते हुए मतगणना केंद्रों के सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की और आरोप लगाया कि कम से कम 100 सीटों के परिणामों में हेरफेर किया गया है.
मुलाकात के दौरान अखिलेश ने ममता बनर्जी का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि वे हारी नहीं हैं, बल्कि उनके खिलाफ एक बड़ी साजिश रची गई है. उन्होंने ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा पर भी चिंता जताई.
वहीं, अखिलेश के इन आरोपों पर पलटवार करते हुए पश्चिम बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने तंज कसते हुए कहा कि "शून्य प्लस शून्य हमेशा शून्य ही रहता है."