रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

PM मोदी के पॉकेट स्क्वायर पर तंज: कांग्रेस ने बताया आयरलैंड का तिरंगा

C

CG Khabar

15 अग. 2026, 07:19 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

भारत-आयरलैंड का झंडा
भारत-आयरलैंड का झंडा

नई दिल्ली । डेस्क: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहनावे और उनके भाषण के साथ-साथ उनके पॉकेट स्क्वायर के रंगों के क्रम को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है. कांग्रेस पार्टी ने प्रधानमंत्री मोदी की जेब में लगे तिरंगे रंग के पॉकेट स्क्वायर के गलत क्रम पर निशाना साधते हुए कटाक्ष किया है कि वे भारत के बजाय आयरलैंड का स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं.


80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 13वीं बार देश को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने राजस्थानी और गुजराती संस्कृति से प्रेरित लाल बांधनी प्रिंट की पारंपरिक पगड़ी, सफेद कुर्ता और चॉकलेट ब्राउन रंग की जैकेट पहनी थी. इस पहनावे के साथ उन्होंने अपनी जैकेट में तिरंगे के तीन रंगों-केसरिया, सफेद और हरा-के पॉकेट स्क्वायर लगाए थे. 

विज्ञापन


हालांकि, सोशल मीडिया पर कई उपयोगकर्ताओं ने ध्यान दिलाया कि पॉकेट स्क्वायर में रंगों का क्रम भारतीय तिरंगे के अनुसार सही नहीं था.


इसी को लेकर कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रधानमंत्री की तस्वीर साझा करते हुए तीखा हमला बोला. 


उन्होंने लिखा, "लगता है साहब ने उर्दू में तिरंगा पहना है. या फिर भारत की जगह आयरलैंड का स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं." खेड़ा का इशारा पॉकेट स्क्वायर के हरे, सफेद और केसरिया रंग के क्रम की ओर था, जो आयरलैंड के राष्ट्रीय ध्वज के रंगों के क्रम से मिलता-जुलता दिखाई दे रहा था.


स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का साफा हमेशा से चर्चा का केंद्र रहा है. इससे पहले साल 2024 में उन्होंने नारंगी, पीले और हरे रंग की लहरिया पगड़ी पहनी थी, जबकि 2023 में पीली और लाल बांधनी पगड़ी के साथ काली जैकेट चुनी थी. 


2022 में उन्होंने लाल धारियों वाला केसरिया साफा पहना था. प्रधानमंत्री के रूप में अपने पहले कार्यकाल 2014 से लेकर अब तक वे हर साल अलग-अलग राज्यों की सांस्कृतिक धरोहर को प्रदर्शित करने वाले पारंपरिक साफे पहनते आ रहे हैं, लेकिन इस बार पॉकेट स्क्वायर का रंग-क्रम राजनीतिक बयानबाजी का जरिया बन गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP