शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

दीया मिर्जा ने PM मोदी के बयान पर उठाए सवाल

C

CG Khabar

24 जुल. 2026, 05:32 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

दीया मिर्जा
दीया मिर्जा

मुंबई । डेस्क: NEET परीक्षा में पेपर लीक मामले को लेकर देश भर में छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है. इस बीच, बॉलीवुड अभिनेत्री दीया मिर्जा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस मुद्दे पर दिए गए हालिया बयान पर सवाल उठाए हैं. 


सोशल मीडिया पर एक नोट साझा करते हुए अभिनेत्री ने निराशा व्यक्त की और कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश बहुत देर से आया और इसमें प्रभावित छात्रों तथा उनके परिवारों के प्रति कोई संवेदना नहीं दिखी.


दीया मिर्जा ने लिखा कि इतने हफ्तों से भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों, अपने हक के लिए संघर्ष कर रहे युवाओं और बच्चों को खोने वाले माता-पिता के लिए सांत्वना का एक शब्द भी नहीं कहा गया. 


उन्होंने इस बात पर दुख जताया कि 47 दिनों के लंबे इंतजार के बाद आए बयान से देश के लाखों निराश छात्रों का विश्वास बहाल नहीं हो सका. इससे पहले भी वह शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुधार की मांग को लेकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का समर्थन कर चुकी हैं.


इस मुद्दे पर फिल्म जगत के कई अन्य प्रमुख चेहरों ने भी अपनी आवाज मुखर की है. अभिनेता शाहिद कपूर ने इंस्टाग्राम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो छात्र परीक्षाओं में उत्तर लिखते हैं, आज यदि वे अपने भविष्य को लेकर सवाल पूछ रहे हैं तो यह उनका लोकतांत्रिक अधिकार है. यदि देश का युवा ही शिक्षा प्रणाली पर भरोसा खो देगा, तो स्थिति अत्यंत गंभीर होगी.


विदेश में मौजूद अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने एक वीडियो संदेश के जरिए छात्रों को देश का भविष्य बताते हुए उनके प्रति की गई हिंसा की निंदा की और उचित कार्रवाई की मांग की. 


अभिनेता विद्युत जामवाल, अभिनेत्री श्रेया धनवंतरी और वरिष्ठ अभिनेता अमोल पालेकर ने भी छात्रों के आंदोलन का खुलकर समर्थन किया है. अमोल पालेकर ने एक खुले पत्र में कहा कि सत्ता से सवाल पूछना कोई विशेषाधिकार नहीं बल्कि एक लोकतांत्रिक जिम्मेदारी है, और जब सवालों का जवाब लाठियों से दिया जाता है तो इससे राज्य की गरिमा ही कम होती है.


गौरतलब है कि NEET पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्र लगातार जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं. हालांकि प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया के जरिए फास्ट-ट्रैक अदालतों के गठन और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है, लेकिन बॉलीवुड हस्तियों और प्रदर्शनकारी छात्रों का मानना है कि उनकी मूल चिंताओं का समाधान अब भी अधूरा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP