रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

दिल्ली: अमित शाह के दफ्तर के बाहर TMC सांसदों का प्रदर्शन

C

CG Khabar

09 जन. 2026, 07:26 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

TMC Protest delhi
TMC Protest delhi

नई दिल्ली । डेस्क: दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे तृणमूल कांग्रेस के सांसदों और दिल्ली पुलिस के बीच शुक्रवार को तीखी झड़प हुई. पुलिस ने प्रदर्शनकारी सांसदों को खींचकर और जबरन उठाकर हिरासत में लिया, जिसके बाद उन्हें पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने ले जाया गया. 


हिरासत में लिए जाने के बाद कृष्णनगर की सांसद महुआ मोइत्रा ने फेसबुक लाइव के जरिए केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर तीखा हमला बोला. 

विज्ञापन


उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण विरोध के बावजूद पुलिस ने उनके साथ बदसलूकी की. महुआ ने दावा किया कि कोलकाता में आईपैक के दफ्तर और उसके प्रमुख प्रतीक जैन के घर पर ईडी की छापेमारी दरअसल तृणमूल का चुनावी डेटा, राजनीतिक जानकारी और उम्मीदवारों की सूची चुराने की एक साजिश है. 


उन्होंने सवाल उठाया कि अगर यह सात साल पुराने कोयला घोटाले का मामला है, तो ईडी इतने सालों तक क्या कर रही थी?


इस विरोध प्रदर्शन में महुआ मोइत्रा के साथ शताब्दी रॉय, प्रतिमा मंडल, साकेत गोखले और कीर्ति आजाद जैसे प्रमुख नेता शामिल थे. टीएमसी नेताओं का आरोप है कि भाजपा राजनीतिक लाभ के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है. 


अभिषेक बनर्जी ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि 'नए भारत' में लोकतंत्र को सजा दी जा रही है और जांच एजेंसियों को हथियार बनाया जा रहा है. 


उन्होंने स्पष्ट किया कि बंगाल इस अन्याय के खिलाफ झुकने के बजाय प्रतिरोध करेगा. इस घटना के विरोध में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी मोर्चा खोल दिया है और वे कोलकाता में यादवपुर से हाजरा मोड़ तक एक बड़े विरोध मार्च का नेतृत्व कर रही हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP