रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कुंभ जाने वालों में भगदड़, 17 की मौत

दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़, 17 की मौत

C

CG Khabar

16 फ़र. 2025, 03:15 AM 2 मिनट में पढ़ें 4

भगदड़
भगदड़

नई दिल्ली | डेस्क: कुंभ जाने के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर प्रतीक्षा कर रहे लोगों में भगदड़ मचने से 17 लोगों की मौत हो गई। शनिवार की रात जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय दिल्ली से प्रयागराज के लिए स्पेशल ट्रेन आने वाली थी।


नई दिल्ली के प्लेटफॉर्म नंबर 13, 14 और 15 के बीच शनिवार की शाम से ही लोगों की भीड़ एकत्र हो गई थी। इस बीच प्रयागराज जाने वाली ट्रेन लेट होती चली गई और उतावली भीड़ में भगदड़ मच गया।

विज्ञापन


भगदड़ मचने के बाद कई लोग बहुत देर तक दबे रहे। इधर नॉर्दर्न रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी ने भगदड़ को अफवाह बताया और कहा कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। यही कारण है कि कई लोगों को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका।


बाद में रेलवे प्रशासन ने एंबुलेंस का इंतजाम किया। इस दौरान 14 महिलाओं और 3 बच्चों की मौत हो गई।
इस दुर्घटना में बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं।


देश के रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।


इधर रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ के सवाल पर डीसीपी रेलवे केपीएस मल्होत्रा ने कहा, “भगदड़ क्यों मची, वो जांच होने के बाद सामने आएगा। यह काम रेलवे करेगा।”


उन्होंने कहा, “भीड़ का अंदाज़ा हम लोगों ने लगाया था। लेकिन, दो ट्रेनों का लेट हो जाना और वहां ज़्यादा लोगों के इकट्ठा हो जाने के कारण ऐसी स्थिति बनी। तथ्य तलाशने का काम रेलवे करेगा।”


मल्होत्रा ने कहा कि 9 बजे के आसपास जो ट्रेन थी, उस समय भीड़ बढ़ी। जब एक जगह पर ज़्यादा लोग होंगे और ट्रेन का इंतज़ार करेंगे, कोई ग़लत सूचना फ़ैलेगी तो उससे भी भगदड़ मचेगी। अब ये पॉइंट कि क्यों हुआ, वो पॉइंट आएगा जांच होने के बाद, जो रेलवे करेगा। 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP