दिल्ली: पालम में बहुमंजिला इमारत में आग, 3 बच्चों समेत 9 की मौत
नई दिल्ली । डेस्क: देश की राजधानी के दक्षिण-पश्चिम दिल्ली स्थित पालम इलाके के साध नगर में बुधवार सुबह एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लग गई, जिसमें 3 बच्चों सहित कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई. दिल्ली फायर सर्विस को सुबह लगभग 7:00 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद तत्काल 30 दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया.
बचाव अभियान के दौरान दमकल कर्मियों ने इमारत में फंसे लोगों को निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान प्रवेश (35), कमल (40), आशु (32) और 12, 6 व 5 साल की 3 नाबालिग बच्चियों के रूप में हुई है, जिन्हें मनिपाल अस्पताल ले जाया गया था.
इसके अलावा आईजीआई अस्पताल में एक 38 वर्षीय महिला को मृत लाया गया, जबकि सफदरजंग अस्पताल में भर्ती दो लोगों ने दम तोड़ दिया, जिससे मरने वालों का कुल आंकड़ा 9 तक पहुंच गया. डिप्टी फायर ऑफिसर एस.के. दुआ के मुताबिक, जान बचाने के लिए इमारत से कूदने वाले 2 व्यक्तियों की भी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई.
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर जानकारी दी कि जिला प्रशासन, अग्निशमन विभाग और दिल्ली पुलिस संयुक्त रूप से बचाव कार्य में जुटे हैं.
उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने भी पालम मेट्रो के पास हुई इस त्रासदी पर शोक व्यक्त किया और कहा कि अधिकारी स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं.
प्रारंभिक जांच के अनुसार, इस बहुमंजिला इमारत के बेसमेंट, ग्राउंड और पहली मंजिल का उपयोग कपड़े और सौंदर्य प्रसाधनों के भंडारण के लिए किया जा रहा था, जबकि दूसरी और तीसरी मंजिल पर परिवार रहते थे. आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है.