रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

PM मोदी पर विवादित पोस्ट: मेटा इंडिया प्रमुख अरुण श्रीनिवास पर केस दर्ज

C

CG Khabar

31 जुल. 2026, 07:33 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

 अरुण श्रीनिवास
अरुण श्रीनिवास

हैदराबाद । डेस्क: हैदराबाद की साइबर क्राइम पुलिस ने मेटा इंडिया के प्रमुख अरुण श्रीनिवास और फेसबुक-इंस्टाग्राम के कई अकाउंट धारकों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की है. यह कार्रवाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर तैयार की गई आपत्तिजनक, एआई-जनरेटेड और मॉर्फ्ड (संशोधित) तस्वीरों व वीडियो के सोशल मीडिया पर प्रसार को लेकर की गई है.  


यह मामला एक कारोबारी एस. अरविंद रेड्डी और तेलंगाना भाजपा कार्यकर्ता टी. साईकिरण गौड़ की शिकायतों के आधार पर दर्ज किया गया है. शिकायतकर्ताओं के अनुसार, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर प्रधानमंत्री को अपमानजनक, अश्लील और भ्रामक रूप से दर्शाने वाले कई वीडियो और चित्र शेयर किए जा रहे थे. 

विज्ञापन


इन पोस्ट्स के साथ अभद्र और अपमानजनक भाषा वाले कमेंट्स भी लिखे गए थे.  


शिकायत में कहा गया है कि हाल ही में नीट पेपर लीक के खिलाफ हुए प्रदर्शनों के दौरान इन डिजिटल सामग्री का इस्तेमाल किया गया था. 


ऐसी सामग्री से जनता में भ्रामक जानकारियां फैलने, सामाजिक सौहार्द बिगड़ने, जन आक्रोश पनपने और सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई गई है.  


साइबर क्राइम पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस उन उपयोगकर्ताओं और स्रोतों की पहचान करने में जुटी है, जिन्होंने इस सामग्री को तैयार और प्रसारित किया है. इस मामले में फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP