कमर्शियल गैस सिलेंडर 62.59 रुपये महंगा हुआ
नई दिल्ली । डेस्क: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और ऊर्जा के दामों में आई मजबूती के बीच देश की सरकारी तेल कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर और विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. नई दरों के लागू होने के बाद अब 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 62.59 रुपये की वृद्धि हो गई है.
लगातार दूसरे महीने हुई इस बढ़ोतरी से होटल, रेस्टोरेंट और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए रसोई बजट पर प्रभाव पड़ेगा. इससे पहले सितंबर महीने में भी इसके दामों में 9.50 रुपये का इजाफा किया गया था.
दूसरी ओर, विमान ईंधन यानी एटीएफ की कीमतों में भी भारी उछाल देखने को मिला है. एटीएफ के दाम 16 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिए गए हैं, जिसके बाद घरेलू एयरलाइंस के लिए इसकी कीमत बढ़कर 137 रुपये प्रति लीटर हो गई है.
चूंकि एयरलाइंस की कुल परिचालन लागत में अकेले ईंधन का हिस्सा लगभग 40 प्रतिशत तक होता है, ऐसे में इस बढ़ोतरी से हवाई सफर महंगा होने के आसार बन गए हैं.
तेल कंपनियों ने आम जनता को राहत देते हुए घरेलू एलपीजी सिलेंडर की दरों में कोई बदलाव नहीं किया है. 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू रसोई गैस सिलेंडर 942 रुपये की अपनी पुरानी कीमत पर ही उपलब्ध रहेगा.
इसके अलावा पेट्रोल और डीजल के दामों को भी यथावत स्थिर रखा गया है. उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क दरों और रुपये-डॉलर के विनिमय मूल्य के आधार पर तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को इन ईंधन दरों की समीक्षा करती हैं.