चीन ने बनाया दुनिया का पहला फुल-ऑटोमैटिक AI फ़ोन: Nubia M153
नई दिल्ली । डेस्क: चीन ने एक बार फिर तकनीकी दुनिया में तहलका मचा दिया है. देश की एक कंपनी ने ऐसा स्मार्टफोन लॉन्च किया है जो सिर्फ एक मोबाइल फोन नहीं, बल्कि एक पूर्ण AI स्मार्ट एजेंट है. इस डिवाइस का नाम है Nubia M153, जिसे ZTE और टिकटॉक की मूल कंपनी ByteDance ने मिलकर बनाया है.
यह फ़ोन केवल निर्देश सुनकर ही काम नहीं करता, बल्कि यह स्व-चालित होकर टास्क पूरे करता है. यह बातचीत को समझता है, खुद ही ऐप्स खोलता है, पेमेंट करता है, होटल बुकिंग से लेकर कई तरह के काम स्वचालित रूप से खत्म कर देता है. ज़रूरत पड़ने पर यह अन्य रोबोट या डिजिटल सेवाओं से भी संपर्क साध सकता है. कई विशेषज्ञ इसे दुनिया का पहला पूर्ण-स्वचालित AI फ़ोन मान रहे हैं.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ़ोन के पूरे सिस्टम में ByteDance का शक्तिशाली Doubao AI इंटीग्रेट किया गया है. यह कोई साधारण वॉयस असिस्टेंट नहीं है. यह AI सेवा स्क्रीन पर चल रही चीज़ों को भी समझ सकती है. जब यूज़र कोई निर्देश देता है, जैसे 'होटल चाहिए' या 'एक ड्रिंक चाहिए', तो फ़ोन खुद तय करता है कि कौन सा ऐप खोलना है, काम कैसे पूरा करना है और कौन सी सर्विस इस्तेमाल करनी है.
शेनज़ेन के एक व्यवसायी टेलर ओगान ने इसका लाइव डेमो दिखाया. उन्होंने फ़ोन को केवल इतना कहा कि 'अस्पताल में लाइन में लगने के लिए किसी की ज़रूरत है'. फ़ोन ने तुरंत सही ऐप ढूंढा, लोकेशन दी, कीमत तय की और बुकिंग पूरी कर दी. टेलर ने बताया कि उन्हें खुद नहीं पता था कि कौन सा ऐप यह काम कर रहा है, लेकिन फ़ोन ने सब कुछ अपने आप कर दिया.
यह फ़ोन यूज़र की लोकेशन पर नज़र रखता है और खुद ही टैक्सी बुकिंग, उपलब्ध सर्विस और ज़रूरी ऐप का फैसला कर लेता है. वैज्ञानिकों ने बताया कि यूज़र की लोकेशन बदलने पर भी फ़ोन नया ऐप खोलकर उसके हिसाब से ऑपरेट कर सकता है.
डिवाइस में दो AI 'ब्रेन' का इस्तेमाल किया गया है:
Doubao AI: यह मुख्य रूप से फैसले लेने और सोचने का काम करता है.
Nebula GUI: यह AI स्क्रीन पर क्लिक करने, टाइप करने और टास्क एक्ज़ीक्यूशन को मैनेज करता है.
इन दोनों के संयुक्त रूप से काम करने से फ़ोन तेज़ी से चलता है और यूज़र की प्राइवेसी भी सुरक्षित रहती है. इस प्रोटोटाइप डिवाइस में स्नैपड्रैगन एट एलीट चिप और 16 जीबी रैम है, और यह जल्द ही बाज़ार में आने वाला है. विशेषज्ञों का मानना है कि यह फ़ोन स्मार्टफोन की दुनिया को पूरी तरह बदल सकता है, और ऐप्स याद रखने या हाथ से काम करने का युग जल्द ही समाप्त हो सकता है.