छत्तीसगढ़ में शीतलहर का अलर्ट
नई दिल्ली । डेस्क: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने छत्तीसगढ़ सहित उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड और शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की है. छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो गया है, जिसके चलते मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में कल तक शीतलहर (Cold Wave) चलने का पूर्वानुमान जताया है.
उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण राज्य के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे ठिठुरन बढ़ गई है.
छत्तीसगढ़ के साथ-साथ दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और मध्य प्रदेश में भी कल तक शीतलहर की स्थिति बनी रहने की संभावना है.
वहीं, उत्तर भारत में कोहरे का कहर भी जारी है.
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए 31 तारीख तक 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है, जहां 'घने से बहुत घना' कोहरा छाए रहने का अनुमान है.
उत्तराखंड, ओडिशा और पूर्वोत्तर भारत में भी कल घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है. इसके अलावा, दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर भी चिंताजनक बना हुआ है, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 'बेहद खराब' श्रेणी में 391 दर्ज किया गया है.