छत्तीसगढ़ के बृज अग्रवाल ने टेक्सास के अस्पताल को दिया 45 करोड़ का दान
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ से ताल्लुक रखने वाले भारतीय-अमेरिकी उद्यमी बृज अग्रवाल और उनकी पत्नी सुनीता अग्रवाल इन दिनों अमेरिका में अपनी दरियादिली को लेकर खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं. अग्रवाल दंपत्ति ने टेक्सास के 'सेंट ल्यूक्स हेल्थ-शुगर लैंड हॉस्पिटल' को 5.5 मिलियन डॉलर (करीब 45 करोड़ रुपये से अधिक) का भारी-भरकम दान दिया है. अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, यह उसके इतिहास में किसी एक व्यक्ति द्वारा दिया गया अब तक का सबसे बड़ा परोपकारी उपहार है.
इस ऐतिहासिक दान राशि का उपयोग अस्पताल के क्लीनिकल कार्यक्रमों को मजबूत करने और शुगर लैंड उपनगरीय क्षेत्र में एक नए 'प्राइमरी केयर कम्युनिटी क्लिनिक' की स्थापना के लिए किया जाएगा. तेजी से बढ़ते इस शहर में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है, ऐसे में यह क्लिनिक उन स्थानीय निवासियों के लिए गेम-चेंजर साबित होगा जिनकी पहुंच बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं तक नहीं है.
अग्रवाल दंपत्ति के इस सराहनीय योगदान का सम्मान करते हुए अस्पताल प्रबंधन ने अपने मुख्य पेशेंट टावर और पवेलियन का नाम बदलकर 'अग्रवाल फैमिली पेशेंट टावर एंड पवेलियन' रख दिया है.
छत्तीसगढ़ से निकलकर अमेरिका के बिजनेस जगत में अपनी खास पहचान बनाने वाले बृज अग्रवाल की कहानी बेहद प्रेरणादायक है. वह एक छात्र के रूप में युवावस्था में ही ह्यूस्टन आ गए थे और साल 1988 में यूनिवर्सिटी ऑफ ह्यूस्टन से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की. इसके बाद उन्होंने मैन्युफैक्चरिंग और रेस्तरां जैसे कई क्षेत्रों में अपने पैर पसारे.
वर्तमान में वह 'वीकेसी ग्रुप' (VKC Group) के सीईओ और अध्यक्ष हैं, जो टेक्सास, कोलोराडो और न्यू मैक्सिको में 150 से अधिक रेस्तरां संचालित करता है.
अग्रवाल दंपत्ति का समाज को वापस लौटाने का एक लंबा इतिहास रहा है. इससे पहले भी उन्होंने 'यनीवर्सिटी ऑफ ह्यूस्टन एट शुगर लैंड' को एडवांस मैन्युफैक्चरिंग रिसर्च के लिए 1 मिलियन डॉलर का दान दिया था, जिसके बाद यूनिवर्सिटी ने अपने ऑडिटोरियम का नाम उनके सम्मान में रखा था. इसके अलावा वे 'ह्यूस्टन मेथोडिस्ट शुगर लैंड हॉस्पिटल' की भी कई स्वास्थ्य पहलों में मदद कर चुके हैं.
इस दान पर बात करते हुए सुनीता अग्रवाल ने कहा कि यह योगदान उस समुदाय के प्रति उनका आभार है जिसने उनके जीवन और करियर को संवारने में मदद की.
उन्होंने कहा, "इस समुदाय ने हमें बहुत कुछ दिया है और हम एक सार्थक तरीके से इसे वापस लौटाना चाहते थे." अमेरिका में हाल के वर्षों में भारतीय-अमेरिकी उद्योगपतियों द्वारा शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर दान देने का चलन तेजी से बढ़ा है, और अग्रवाल दंपत्ति की यह पहल इसी गौरवशाली परंपरा को और आगे बढ़ाती है.