शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: प्यार साबित करने के लिए युवक ने खाया जहर, अस्पताल में तोड़ा दम

C

CG Khabar

11 अक्टू. 2025, 03:49 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

जहर
जहर

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में प्रेम से जुड़ा एक दुखद और स्तब्ध कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक 20 वर्षीय युवक ने अपनी प्रेमिका के परिवार के कहने पर कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली. युवक की मौत इलाज के दौरान अस्पताल में हुई है.


लेमरू पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि देवपहरी गांव का निवासी कृष्ण कुमार पंडो (20) सोनारी में रहने वाली एक लड़की के साथ रिश्ते में था. जब लड़की के परिवार को इस संबंध के बारे में पता चला, तो उन्होंने कृष्ण कुमार को अपने घर बुलाया.


अधिकारी के अनुसार, जब कृष्ण कुमार पंडो 25 सितंबर को लड़की के घर गया, तो परिवार वालों ने कथित तौर पर उससे कहा कि अगर वह सच में लड़की से प्यार करता है, तो जहर खाकर दिखाए.


कृष्ण कुमार ने उनकी बात मानते हुए जहर खा लिया. इसके बाद उसने घटना के बारे में अपने परिवार को बताया. परिजन उसे तुरंत लेमरू के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए और बाद में जिला अस्पताल ले जाया गया. इलाज के दौरान 8 अक्टूबर को कृष्ण कुमार पंडो की मौत हो गई.


पुलिस ने कृष्ण कुमार पंडो के रिश्तेदारों के आरोपों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. रिश्तेदारों का आरोप है कि लड़की के परिवार ने उसे जहर खाने के लिए मजबूर या प्रेरित किया. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP