छत्तीसगढ़ आयुष्मान भारत योजना के अग्रणी राज्यों में
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ आयुष्मान भारत योजना के क्रियान्वयन में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है. उपचार प्रदान करने के मामले में छत्तीसगढ़ देश भर में चौथे स्थान पर है. सरकार का दावा है कि अब तक 78 लाख से अधिक लाभार्थियों ने सार्वजनिक और निजी अस्पतालों में निःशुल्क इलाज का लाभ लिया है.
राज्य सरकार ने एबी-पीएमजेएवाई को छत्तीसगढ़ की अपनी दो विशेष योजनाओं - शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना और मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना - के साथ प्रभावी रूप से समन्वित किया है. इस एकीकृत व्यवस्था से अधिकतम लाभार्थियों को नगद रहित इलाज की सुविधा मिल रही है.
सार्वजनिक अस्पतालों में उपचार की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जो सरकार के स्वास्थ्य ढांचे में जनता के बढ़ते विश्वास का संकेत है.
वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुये वय वंदन योजना को भी राज्य में मजबूत किया गया है.
इसके तहत अब तक 4.5 लाख से अधिक वय वंदन कार्ड बनाये जा चुके हैं, जिससे राज्य के 48% राशन कार्डधारी वृद्धजन लाभान्वित हुये हैं.