डॉलर को चुनौती: भारत और मलेशिया अब रुपये और रिंगिट में करेंगे व्यापार
नई दिल्ली । डेस्क: भारत और मलेशिया ने अमेरिकी डॉलर पर निर्भरता कम करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए आपसी व्यापार को स्थानीय मुद्राओं भारतीय रुपया (INR) और मलेशियाई रिंगिट (MYR) में निपटाने पर अपनी सहमति दोहराई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मलेशिया यात्रा के दौरान जारी एक संयुक्त बयान में दोनों देशों ने उद्योगों को इस नई व्यवस्था को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया.
यह कदम ऐसे समय में आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ब्रिक्स देशों द्वारा डॉलर के प्रभुत्व को कम करने की कोशिशों पर कड़ी आपत्ति जता चुके हैं.
हालांकि मलेशिया अभी ब्रिक्स का पूर्ण सदस्य नहीं है, लेकिन अप्रैल 2023 से ही दोनों देशों के बीच स्थानीय मुद्रा में व्यापार की शुरुआत हो चुकी है.
प्रधानमंत्री मोदी और उनके मलेशियाई समकक्ष अनवर इब्राहिम के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता के बाद जारी बयान में कहा गया कि भारतीय रिजर्व बैंक और बैंक नेगारा मलेशिया इस व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर सहयोग कर रहे हैं.
विशेष रूप से ऊर्जा, डिजिटल कनेक्टिविटी और सेमीकंडक्टर जैसे प्रमुख क्षेत्रों में स्थानीय मुद्रा के उपयोग को प्राथमिकता दी जाएगी.
इस यात्रा के दौरान ऊर्जा, बुनियादी ढांचे और आईटी जैसे क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर भी किए गए. प्रधानमंत्री मोदी ने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में आसियान की केंद्रीय भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि भारत इस आर्थिक समूह के साथ अपने जुड़ाव को और विस्तार देगा.