शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

CCPL 2026: रायपुर राइनोस की लगातार दूसरी जीत

C

CG Khabar

06 जून 2026, 09:30 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

कप्तान अमनदीप खरे
कप्तान अमनदीप खरे

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) के तीसरे सीजन में रायपुर राइनोस के कप्तान अमनदीप खरे का शानदार फॉर्म लगातार जारी है. अमनदीप के लगातार दूसरे धमाकेदार शतक की बदौलत रायपुर राइनोस ने सरगुजा टाइगर्स को नौ विकेट से करारी शिकस्त दी. 


मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सरगुजा टाइगर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 186 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया था, जिसे रायपुर राइनोस ने बेहद आसानी से हासिल कर लिया.


नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में 187 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रायपुर राइनोस को कप्तान अमनदीप खरे और सलामी बल्लेबाज अमित कुमार यादव ने ठोस शुरुआत दिलाई. 


दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 155 रनों की रिकॉर्ड ऐतिहासिक साझेदारी हुई, जिसने मैच को पूरी तरह रायपुर के पक्ष में मोड़ दिया. 


अमनदीप खरे ने महज 62 गेंदों पर 11 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 101 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली, वहीं अमित कुमार ने 74 रनों का अहम योगदान दिया. रायपुर राइनोस ने 19.1 ओवर में 1 विकेट पर 189 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया.


इससे पहले सरगुजा टाइगर्स की ओर से कप्तान आशुतोष सिंह ने 65 रन और आनंद राव ने नाबाद 44 रनों की पारी खेलकर टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया था. 


हालांकि, रायपुर के बल्लेबाजों के सामने यह स्कोर बौना साबित हुआ. छत्तीसगढ़ के ऑल-फॉर्मेट (रणजी ट्रॉफी, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी) कप्तान अमनदीप खरे को उनके इस लगातार दूसरे नाबाद शतक के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया. लीग में उनकी इस निरंतरता और कप्तानी के दम पर रायपुर राइनोस ने टूर्नामेंट में अजेय बढ़त बना ली है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP