कुब्बावाला मुस्तफा UAE से लाया गया
वांछित कुब्बावाला मुस्तफा UAE से लाया गया
मुंबई । डेस्क: केंद्रीय जांच ब्यूरो ने इंटरपोल के माध्यम से यूएई से भगोड़े अपराधी कुब्बावाला मुस्तफा को भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है. मुस्तफा मुंबई पुलिस का वांछित अभियुक्त था, जिसे नशीले पदार्थों से जुड़े एक बड़े मामले में शामिल होने का आरोप है. उसे शुक्रवार को ही भारत लाया गया है.
सीबीआई की अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग इकाई (IPCU) ने अबू धाबी में राष्ट्रीय अपराध ब्यूरो (NCB) के साथ मिलकर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया. मुंबई पुलिस की एक चार सदस्यीय टीम 7 जुलाई को दुबई, यूएई रवाना हुई थी, जो शुक्रवार को मुस्तफा को लेकर मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची.
सीबीआई ने इंटरपोल और एनसीबी-अबू धाबी के साथ मिलकर मुस्तफा की भौगोलिक स्थिति का पता लगाया था.
कुब्बावाला मुस्तफा के खिलाफ मुंबई पुलिस ने कुर्ला थाने में प्राथमिकी संख्या 67/2024 दर्ज की थी. उन पर सांगली में विदेश से एक सिंथेटिक ड्रग निर्माण कारखाना संचालित करने का आरोप है.
इस कारखाने से 126.141 किलोग्राम मेफेड्रोन ड्रग्स, जिसकी कीमत लगभग 252.2 लाख रुपये है, बरामद और जब्त की गई थी. मुस्तफा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है और कोर्ट ने उसके खिलाफ खुला गिरफ्तारी वारंट जारी किया था.
सीबीआई ने मुंबई पुलिस के अनुरोध पर 25 नवंबर 2024 को इस मामले में इंटरपोल के माध्यम से रेड नोटिस जारी करवाया था.
19 जून 2025 को एनसीबी-अबू धाबी ने सूचित किया कि उनके अधिकारियों ने मुस्तफा को भारत लाने के लिए एक सुरक्षा मिशन भेजने का अनुरोध किया है. इसके बाद, मुंबई पुलिस की एक टीम ने यूएई से मुस्तफा को भारत वापस लाने की प्रक्रिया पूरी की.
इंटरपोल द्वारा जारी रेड नोटिस वैश्विक स्तर पर सभी कानून प्रवर्तन एजेंसियों को वांछित अपराधियों की ट्रैकिंग के लिए प्रसारित किये जाते हैं.
सीबीआई, भारत में इंटरपोल के लिये राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो के रूप में, भारत की सभी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ भारतपोल के माध्यम से समन्वय करती है.
पिछले कुछ वर्षों में इंटरपोल चैनलों के माध्यम से 100 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया गया है.