जिबूती के तट पर नाव पलटी: 15 बच्चों समेत 139 की मौत, 84 लापता
नई दिल्ली । डेस्क: पूर्वी अफ्रीकी देश जिबूती के पूर्वी तट पर बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य के पास प्रवासियों को ले जा रही एक नाव के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से कम से कम 139 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें 15 बच्चे भी शामिल हैं. संयुक्त राष्ट्र की प्रवासन एजेंसी (IOM) के अनुसार, नाव पर 300 से अधिक लोग सवार थे और इस हादसे में अब भी 84 लोग लापता बताए जा रहे हैं.
अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM) ने बताया कि यह घटना गुहेरे (Guhere) के पास गुरुवार रात से शुक्रवार तड़के के बीच हुई, जब ओवरलोडेड नाव जिबूती से यमन की ओर जा रही थी.
राहत और बचाव दल द्वारा चलाए गए अभियानों में 80 से अधिक लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जो सभी इथियोपिया के नागरिक हैं.
जिबूती के स्थानीय अधिकारियों और आईओएम की टीमें मौके पर जीवित बचे लोगों को आपातकालीन सहायता और चिकित्सा सुविधाएं प्रदान कर रही हैं.
हॉर्न ऑफ अफ्रीका से खाड़ी देशों में रोजगार और बेहतर भविष्य की तलाश में हर साल हजारों प्रवासी इस खतरनाक समुद्री मार्ग का इस्तेमाल करते हैं.
यमन में फिर से शुरू हुई हिंसा और क्षेत्रीय अस्थिरता के बावजूद प्रवासियों की आवाजाही लगातार जारी है. आईओएम के अनुसार, केवल सितंबर माह से अब तक 20,000 से अधिक लोग इथियोपिया से जिबूती पहुंचे हैं. लापता लोगों की तलाश के लिए जिबूती तटरक्षक बल द्वारा तलाशी अभियान जारी है.