भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला के बिगड़े बोल, आप नेता को कहा 'नक्सली'
प्रियंका शुक्ला आम आदमी पार्टी की नेता हैं
बिलासपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ में भाजपा के विधायक सुशांत शुक्ला ने सामाजिक कार्यकर्ता और आप नेता प्रियंका शुक्ला को लेकर विवादित बयान दिया है. बेलतरा से भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने अधिवक्ता प्रियंका शुक्ला को 'नक्सली' बताते हुए उनका विरोध किया.
असल में एक स्थानीय चैनल के लाइव डिबेट में यह सब हुआ, जब विधायक सुशांत शुक्ला जवाब नहीं दे पाए और उनके बोल बिगड़ गए.
आरोप है कि अपने पद की मर्यादा भूलते हुए सुशांत शुक्ला ने न केवल भीड़ को उकसाया, बल्कि अपनी ही सरकार से प्रियंका शुक्ला की गिरफ़्तारी की मांग भी कर डाली. विधायक सुशांत शुक्ला के उकसावे पर सुशांत समर्थकों ने प्रियंका शुक्ला के साथ धक्का-मुक्की और बदतमीजी भी की.
इस घटना के फौरन बाद आम आदमी पार्टी की नेता और अधिवक्ता प्रियंका शुक्ला फौरन सिविल लाईन पहुंची और उन्होंने विधायक के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि सुशांत शुक्ला ने विवादित बयान दिया जिसके बाद भाजपा समर्थकों ने, जिसमें बड़ी संख्या में पुरुष थे, प्रियंका शुक्ला के साथ धक्का-मुक्की की. इसके बाद विधायक सुशांत शुक्ला वहां से भाग गए.
प्रियंका शुक्ला ने अपनी शिकायत में मांग की कि विधायक सुशांत शुक्ला से मेरे नक्सली होने का प्रमाण मांगा जाए और मुझे गिरफ़्तार किया जाए.
इधर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने कहा है कि सुशांत शुक्ला, बिलासपुर ज़िले के बेलतरा के विधायक हैं लेकिन भाजपा में लगभग हाशिए पर हैं. बिलासपुर से भाजपा के कद्दावर नेता विधायक अमर अग्रवाल, विधायक धरमलाल कौशिक, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और केंद्रीय मंत्री तोखनलाल साहू के कारण उन्हें कोई पूछता नहीं है, इसलिए वे विवादास्पद बयान दे कर अपने को चर्चा में लाने की कोशिश कर रहे हैं.