रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

बेंगलुरु: 'RBI अधिकारी' बनकर 7 करोड़ की कैश वैन लूटी

C

CG Khabar

20 नव. 2025, 12:34 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

लूटमार
लूटमार

बेंगलुरु । डेस्क: दक्षिण बेंगलुरु के एक फ्लाईओवर पर बुधवार दोपहर साढ़े 12 बजे एक सनसनीखेज लूट की घटना ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया. तेज रफ्तार से गुजर रही एक कैश वैन को अचानक दो कारों ने बीच रास्ते में रोक लिया. कारों से उतरे पांच-छह लुटेरों ने खुद को 'आरबीआई अधिकारी' बताकर वैन के कर्मचारियों को धोखा दिया और महज 30 मिनट में 7 करोड़ रुपये नकद लूटकर फरार हो गए. वैन में तीन बैंकों का कैश लादकर एटीएम की ओर जा रहे थे, जब यह वारदात हुई.


पुलिस के अनुसार, कैश वैन में चालक के अलावा तीन कर्मचारी सवार थे. लुटेरों ने आरबीआई की कथित 'निर्देशिका उल्लंघन' का आरोप लगाते हुए कर्मचारियों को थाने ले जाने का बहाना बनाया. भरोसा हो जाने पर दो लुटेरे कर्मचारियों को एक कार में बिठाकर थाने की ओर रवाना हो गए, जबकि बाकी दो वैन में सवार हो गए. एक मारुति कार के पीछे-पीछे वैन चली, लेकिन कुछ किलोमीटर बाद रास्ते अलग हो गए. कर्मचारियों को रास्ते में ही उतार दिया गया और कहा गया कि वे खुद थाने पहुंच जाएं.

विज्ञापन


इधर, वैन के चालक को बहाना बनाकर 'आरबीआई कार्यालय' ले जाने का आदेश दिया गया. रास्ते में चालक को भी उतार दिया और बंदूक दिखाकर कैश बॉक्स को मारुति और दूसरी कार में स्थानांतरित करा लिया. फिर चालक को सड़क पर छोड़कर लुटेरे फरार हो गए. सिद्दापुरा थाने पहुंचे तीनों कर्मचारियों ने घंटों इंतजार किया, लेकिन न वैन आई न ही 'आरबीआई अधिकारी'. संदेह होने पर उन्होंने पुलिस को पूरी घटना बता दी.


बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने बताया, "हम इस घटना के हर पहलू की गहन जांच कर रहे हैं. अपराधियों की तलाश में आठ पुलिस टीमें विभिन्न दिशाओं में छापेमारी चला रही हैं. सीसीटीवी फुटेज की भी जांच हो रही है." एक प्रत्यक्षदर्शी संजय ने बताया कि लुटेरों की एक कार पर सरकारी लोगो लगा था, लेकिन नंबर प्लेट फर्जी निकला. पुलिस ने कार मालिक की तलाश शुरू कर दी है.


यह लूट शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है. पुलिस ने संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है और आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है. घटना से प्रभावित बैंकों ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है. (symbolic photo)

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP