BCCI ने KKR को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने कहा
नई दिल्ली । डेस्क: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शनिवार, 3 जनवरी 2026 को एक बड़ा फैसला लेते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज करने का आधिकारिक निर्देश दिया है. BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने इस फैसले की पुष्टि करते हुए इसे "हालिया वैश्विक घटनाक्रमों" का परिणाम बताया है.
गौरतलब है कि पिछले महीने हुई मिनी-नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि में खरीदा था, जिसमें चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स जैसी टीमों के साथ कड़ी टक्कर देखने को मिली थी.
यह निर्णय बांग्लादेश में चल रही राजनीतिक अस्थिरता और वहां अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर भारत में बढ़ते आक्रोश के बीच आया है.
हाल ही में बांग्लादेश में एक हिंदू व्यक्ति की हत्या के बाद भारत सरकार ने गहरी चिंता व्यक्त की थी, जिसके बाद बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की मालिकाना हक वाली टीम KKR में मुस्तफिजुर को शामिल किए जाने पर महाराष्ट्र के राजनेताओं और आध्यात्मिक गुरुओं ने कड़ा विरोध जताया था.
BCCI पर इस संबंध में लगातार दबाव बढ़ रहा था. बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि KKR को अब मुस्तफिजुर की जगह किसी अन्य खिलाड़ी को टीम में शामिल करने की अनुमति दी जाएगी.
भारत और बांग्लादेश के बीच कूटनीतिक संबंधों में पिछले साल शेख हसीना सरकार के पतन के बाद से काफी तनाव देखा जा रहा है. शेख हसीना के भारत आने और उसके बाद ढाका में मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के गठन ने क्षेत्रीय समीकरणों को बदल दिया है.
ढाका द्वारा पाकिस्तान के साथ बढ़ती नजदीकियों और भारतीय उच्चायुक्त को बार-बार तलब किए जाने जैसी घटनाओं ने भी खेल के मैदान पर असर डाला है.
यही कारण है कि BCCI ने न केवल मुस्तफिजुर पर यह कड़ा फैसला लिया, बल्कि सितंबर में होने वाली द्विपक्षीय सीरीज के लिए भी अब तक कोई प्रतिबद्धता नहीं जताई है.
मुस्तफिजुर रहमान, जो 2016 से IPL का हिस्सा रहे हैं, उनके लिए यह पहला मौका होता जब वह तीन बार की चैंपियन टीम KKR के लिए मैदान पर उतरते.