बस्तर: मेकाज के इंटर्न डॉक्टरों का आंदोलन तीसरे दिन भी जारी
जगदलपुर । संवाददाता: जगदलपुर स्थित शासकीय मेडिकल कॉलेज डिमरापाल (मेकाज) में स्टाइपेंड वृद्धि की मांग पर अड़े इंटर्न डॉक्टरों का अनिश्चितकालीन आंदोलन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा. इस बीच, डॉक्टरों के इस प्रदर्शन को अब राजनीतिक गोलबंदी का सहारा मिलने लगा है.
गुरुवार को जगदलपुर के पूर्व विधायक और पूर्व संसदीय सचिव रेखचंद जैन ने अपने समर्थकों के साथ धरना स्थल का दौरा किया और आंदोलनकारी डॉक्टरों की मांगों को जायज़ ठहराते हुए अपना पूर्ण समर्थन जताया.
पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री को पत्र प्रेषित कर गतिरोध को जल्द सुलझाने तथा मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि करने का आग्रह किया है.
धरना स्थल पर पत्रकारों व डॉक्टरों से संवाद करते हुए रेखचंद जैन ने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ माने जाने वाले ये युवा डॉक्टर नियमित ड्यूटी के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों में भी मुस्तैदी से काम करते हैं.
उन्होंने ध्यान दिलाया कि पूर्ववर्ती रमन सिंह और भूपेश बघेल सरकारों के समय तय किया गया स्टाइपेंड ही अब तक लागू है, जबकि वर्तमान साय सरकार के कार्यकाल में महंगाई और कार्यभार बढ़ने के बावजूद कोई समीक्षा नहीं की गई. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार और प्रशासन ने समय रहते संवाद स्थापित कर समाधान नहीं निकाला, तो इसका सीधा असर क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था और आम मरीजों पर पड़ेगा.