शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

बस्तर: रिश्वत लेते महिला प्रधान आरक्षक गिरफ्तार

C

CG Khabar

23 जुल. 2026, 01:19 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

ACB
ACB

बस्तर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में रायपुर एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने कोड़ेनार थाने में पदस्थ एक महिला प्रधान आरक्षक कुमारी तिलेश्वरी साहू को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. कोर्ट के स्पष्ट आदेश के बावजूद जब्त ट्रैक्टर को मालिक के सुपुर्द करने के नाम पर महिला पुलिसकर्मी 10 हजार रुपये की घूस मांग रही थी. 


शिकायत मिलते ही एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर यह कार्रवाई पूरी की और आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.


यह पूरा मामला पिछले साल घटी एक दुर्घटना से जुड़ा हुआ है. 


कोड़ेनार क्षेत्र में एक ट्रैक्टर से गिरकर ग्रामीण की मौत हो गई थी, जिसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर संबंधित ट्रैक्टर को जब्त कर लिया था. बाद में परिजनों ने वाहन को वापस पाने के लिए अदालत में आवेदन दिया. 


न्यायालय ने सभी पक्षों को सुनने के बाद ट्रैक्टर मालिक के पक्ष में आदेश जारी करते हुए वाहन लौटाने का निर्देश दिया था.


अदालत का आदेश होने के बाद भी थाने में तैनात महिला प्रधान आरक्षक पीड़ित पक्ष से ट्रैक्टर छोड़ने के बदले 10,000 रुपये की रिश्वत पर अड़ी हुई थी. 


परेशान ग्रामीणों ने इस पूरे घटनाक्रम की शिकायत सीधे रायपुर स्थित एंटी करप्शन ब्यूरो से कर दी. शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी की टीम ने ट्रैप दल का गठन किया और ग्रामीणों को विशेष केमिकल लगे नोट देकर गुरुवार सुबह थाने भेजा.


जैसे ही महिला प्रधान आरक्षक ने ग्रामीणों से रिश्वत की राशि स्वीकार की, आसपास पहले से तैनात एसीबी की टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे मौके पर ही रंगे हाथों धर दबोचा. ब्यूरो की टीम आरोपी महिला पुलिसकर्मी को अपने साथ ले गई है और मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP