बलरामपुर: स्कूल में घुसी मधुमक्खियां, 12 से अधिक छात्र घायल, 4 गंभीर
बलरामपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में विजयनगर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पढ़ाई के दौरान मधुमक्खियों के हमले से हड़कंप मच गया. सोमवार को स्कूल परिसर में अचानक घुसे मधुमक्खियों के झुंड ने क्लास में बैठे बच्चों पर हमला कर दिया, जिससे एक दर्जन से अधिक छात्र घायल हो गए.
घटना के तुरंत बाद स्कूल प्राचार्य और शिक्षकों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायल छात्रों को इलाज के लिए रामानुजगंज शासकीय अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद 4 बच्चों की हालत बिगड़ती देख उन्हें बेहतर इलाज के लिए बलरामपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है. अन्य छात्रों का इलाज जारी है और वे वर्तमान में डॉक्टरों की निगरानी में हैं.
मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमला हरकत में आया. एसडीएम, तहसीलदार और विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) ने तुरंत अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया.
अधिकारियों ने पीड़ित छात्रों से बातचीत कर उनका हाल-चाल जाना और डॉक्टरों को बच्चों के इलाज में किसी भी तरह की कोताही न बरतने के सख्त निर्देश दिए.
घटना के संबंध में छात्रों ने बताया कि वे भोजन अवकाश (रिसेस) के दौरान अपनी कक्षा में बैठे थे, तभी अचानक बड़ी संख्या में मधुमक्खियों का झुंड अंदर आ गया और डंक मारने लगा.
रामानुजगंज अस्पताल की डॉक्टर रुक्मणी ने बताया कि 4 बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया है, जबकि बाकी बच्चों की हालत सामान्य है.