ऑस्ट्रेलिया ने भारत में नकली एंटी-रेबीज वैक्सीन पर जारी की एडवाइजरी
नई दिल्ली । डेस्क: भारतीय वैक्सीन निर्माता 'इंडियन इम्यूनोलॉजिकल लिमिटेड' (IIL) ने ऑस्ट्रेलिया द्वारा अपनी एंटी-रेबीज वैक्सीन 'अभयरब' (Abhayrab) को लेकर जारी की गई स्वास्थ्य चेतावनी पर कड़ा रुख अपनाया है. कंपनी ने शनिवार, 27 दिसंबर 2025 को एक आधिकारिक बयान जारी कर ऑस्ट्रेलियाई एडवाइजरी को 'अत्यधिक सावधानीपूर्ण और गलत' करार दिया.
दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के 'टेक्निकल एडवाइजरी ग्रुप ऑन इम्यूनाइजेशन' ने हाल ही में एक अलर्ट जारी किया था, जिसमें कहा गया था कि 1 नवंबर 2023 के बाद भारत में अभयराब वैक्सीन लगवाने वाले यात्री इसे अमान्य मानें और टीकाकरण का नया कोर्स शुरू करें.
इस पर स्पष्टीकरण देते हुए IIL ने बताया कि जिस बैच (Batch No. KA24014) में नकली होने की समस्या पाई गई थी, उसकी पहचान जनवरी 2025 की शुरुआत में ही कर ली गई थी और अब वह बाजार में मौजूद नहीं है.
कंपनी के अनुसार, यह एक छिटपुट मामला था जिसमें पैकेजिंग की विसंगति देखी गई थी, जिसकी सूचना तुरंत भारतीय नियामकों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों को दे दी गई थी.
IIL के क्वालिटी मैनेजमेंट हेड सुनील तिवारी ने आश्वस्त किया कि भारत में निर्मित वैक्सीन का हर बैच केंद्रीय औषधि प्रयोगशाला (CDL) द्वारा परीक्षण के बाद ही जारी किया जाता है और सरकारी संस्थानों व अधिकृत वितरकों के माध्यम से की गई आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है.
गौरतलब है कि रेबीज एक घातक वायरल बीमारी है, लेकिन समय पर सही टीकाकरण से इसे रोका जा सकता है.