फूड ब्रांड का फिर सरताज बना अमूल
फूड ब्रांड का सरताज अमूल
नई दिल्ली । डेस्क: भारत के फूड ब्रांड्स की दुनिया में एक बार फिर अमूल ने अपनी बादशाहत कायम रखी है. ब्रिटेन की प्रतिष्ठित ब्रांड वैल्यूएशन कंपनी ब्रांड फाइनेंस की ताजा रिपोर्ट में अमूल को देश का नंबर-1 फूड ब्रांड घोषित किया गया है. इस सूची में दिल्ली-एनसीआर की मदर डेयरी ने दूसरा स्थान हासिल किया है.
अमूल की ब्रांड वैल्यू 4.1 बिलियन डॉलर
ब्रांड फाइनेंस की 2025 की रिपोर्ट के अनुसार, अमूल की ब्रांड वैल्यू लगभग 4.1 बिलियन डॉलर आंकी गई है, जो इसे देश का सबसे मूल्यवान फूड ब्रांड बनाती है. वहीं, मदर डेयरी की ब्रांड वैल्यू 1.15 बिलियन डॉलर रही, जिसने इसे दूसरा स्थान दिलाया. इस सूची में ब्रिटानिया तीसरे, कर्नाटक की नंदिनी डेयरी चौथे और डाबर पांचवें स्थान पर रही. डेयरी कंपनियों का इस लिस्ट में दबदबा साफ नजर आता है.
टॉप-100 ब्रांड्स में भी चमक
अमूल ने न केवल फूड ब्रांड्स में, बल्कि सभी उद्योगों के टॉप-100 ब्रांड्स की सूची में भी 17वां स्थान हासिल किया है. वहीं, मदर डेयरी ने पिछले साल के 41वें स्थान से उछाल लेते हुए इस बार 35वां स्थान पाया है. यह दोनों कंपनियों के लिए बड़ी उपलब्धि है.
किसानों और उपभोक्ताओं का योगदान
अमूल की मार्केटिंग बॉडी गुजरात को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) के प्रबंध निदेशक जयन मेहता ने इस सफलता का श्रेय देश के लाखों डेयरी किसानों और उपभोक्ताओं को दिया. वहीं, मदर डेयरी के प्रबंध निदेशक मनीष बैंडलिश ने कहा, "यह उपलब्धि हमारे किसानों, उपभोक्ताओं, कर्मचारियों और साझेदारों की कड़ी मेहनत का परिणाम है. हम सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हैं."
मदर डेयरी का शानदार प्रदर्शन
वित्त वर्ष 2024-25 में मदर डेयरी ने 17,500 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जो पिछले साल की तुलना में 16 फीसदी अधिक है. कंपनी न केवल दूध और डेयरी उत्पादों के लिये जानी जाती है, बल्कि इसके विविध पोर्टफोलियो में धारा ब्रांड के खाद्य तेल, सफल ब्रांड के ताजे फल-सब्जियां, फ्रोजन सब्जियां और स्नैक्स भी शामिल हैं.
अमूल की वैश्विक पहचान
GCMMF, जो दुनिया की सबसे बड़ी किसान-स्वामित्व वाली डेयरी सहकारी संस्था है, में 36 लाख से अधिक किसान जुड़े हैं. अमूल प्रतिदिन 3.2 करोड़ लीटर दूध एकत्र करता है और सालाना 24 अरब से ज्यादा पैक उत्पादों का वितरण करता है. इसके उत्पाद, जैसे दूध, मक्खन, घी, आइसक्रीम और चीज, 50 से अधिक देशों में उपलब्ध हैं.