अजित पवार विमान हादसा: ममता बनर्जी ने की SC की निगरानी में जांच की मांग
नई दिल्ली/कोलकाता । डेस्क: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता अजित पवार (66) का बुधवार 28 जनवरी, 2026 सुबह बारामती में एक विमान दुर्घटना में दुखद निधन हो गया. पुणे जिले के बारामती हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान वीएसआर वेंचर्स द्वारा संचालित 'लियरजेट 46' विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें अजित पवार समेत कुल पांच लोगों की जान चली गई. इस हृदयविदारक घटना के बाद देश के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है और विपक्षी नेताओं ने इस हादसे की उच्च स्तरीय जांच की मांग तेज कर दी है.
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता में पत्रकारों से बात करते हुए इस घटना पर गहरा संदेह जताया और सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच कराने की मांग की.
ममता बनर्जी ने तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान में सभी सरकारी एजेंसियां अपनी विश्वसनीयता खो चुकी हैं और पूरी तरह से "कॉम्प्रोमाइज्ड" हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल शीर्ष अदालत की देखरेख में की गई जांच से ही सच सामने आ पाएगा.
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी इस घटना की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता पर जोर दिया. उन्होंने दिल्ली में कहा कि अजित पवार का इस तरह असमय जाना देश के लिए एक बड़ी क्षति है.मल्लिकार्जुन खड़गे ने विमान के छोटे होने और दुर्घटना के कारणों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब बड़े विमानों के साथ हादसे हो सकते हैं, तो इस छोटे विमान के साथ क्या हुआ, इसकी गहराई से जांच होनी चाहिए.
उन्होंने मृत आत्माओं के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पूरा देश पवार परिवार के दुख में साथ है. इस बीच, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने पुष्टि की है कि विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की एक टीम मौके पर पहुंच रही है ताकि तकनीकी पहलुओं और हादसे की असल वजहों का पता लगाया जा सके.