अभिजीत दीपके बोले- 'यह सिर्फ शुरुआत है'
नई दिल्ली । डेस्क: 'कॉकरोच जनता पार्टी' के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का स्वागत करते हुए इसे देश के युवाओं और लोकतंत्र की एक बहुत बड़ी जीत करार दिया है.
नीट-यूजी परीक्षा में हुई धांधली के खिलाफ चले 37 दिनों के लंबे विरोध प्रदर्शन के बाद जारी एक वीडियो संदेश में दीपके ने कहा कि यह उनके और उनकी टीम के लिए बेहद कठिन संघर्ष था, लेकिन यह लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है. उन्होंने स्पष्ट किया कि मंत्री का पद छोड़ना "केवल एक शुरुआत" है और शिक्षा प्रणाली में पारदर्शी सुधारों के लिए CJP का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा.
दीपके ने इस दौरान आंदोलन में अटूट विश्वास बनाए रखने के लिए देशभर के समर्थकों और युवाओं का दिल से आभार व्यक्त किया.
इसके साथ ही उन्होंने उन आलोचकों और सवाल उठाने वालों को भी धन्यवाद दिया, जिनकी आलोचनाओं से पार्टी को अपनी कमियों में सुधार करने का अवसर मिला. स्वास्थ्य कारणों और उच्च बुखार (टाइफाइड) के चलते जंतर-मंतर पर मौजूद समर्थकों से न मिल पाने के लिए उन्होंने माफी भी मांगी.
उल्लेखनीय है कि शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और सरकार द्वारा छात्रों की सभी मांगों जिसमें दर्ज FIR वापस लेना और लिखित गारंटी देना शामिल है को स्वीकार किए जाने के बाद CJP ने जंतर-मंतर पर अपना आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त कर दिया है.
इस पूरे घटनाक्रम पर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक, पूर्व भाजपा अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी और कांग्रेस नेता शशि थरूर जैसे वरिष्ठ नेताओं ने भी युवाओं के इस अहिंसक आंदोलन की सराहना की है.