बस्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष के घर आईटी छापा
छत्तीसगढ़ बस्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष के घर आईटी छापा
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में बस्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष और बिल्डर श्याम सोमानी के घर आईटी की टीम ने दबिश दी है.
श्याम सोमानी के मोतीतालाब पारा स्थित निवास और दफ्तर में मंगलवार सुबह से आईटी की टीम पहुंची है.
एक दर्जन से अधिक अधिकारी दोनों जगहों पर दस्तावेजों की छानबीन कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई टैक्स चोरी और वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत पर की गई है.
श्याम सोमानी जगदलपुर के बड़े बिल्डर हैं. उनकी बस्तर में बीएमएस कंस्ट्रक्शन कंपनी है. बीएमएस बस्तर क्षेत्र की प्रमुख कंस्ट्रक्शन एजेंसी है, जो कई बड़े प्रोजेक्ट्स में शामिल रही है. इसके अलावा श्याम सोमानी बस्तर मंडी के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं. वे इमली, महुआ जैसे वनोपज के बड़े व्यापारियों में से एक हैं.
बताया गया कि आई टी टीम रायपुर से यहां पहुंची है. छानबीन पूरी होने के बाद अधिकारी इस मामले में पूरी जानकारी देंगे. इस कार्रवाई की स्थानीय पुलिस को जानकारी नहीं दी गई है.