भालू के साथ क्रूरता, तड़पा-तड़पा कर मार डाला
सुकमा | संवाददाताः भालू के साथ क्रूरता का एक ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा जिसे देखकर दिल दहल जा रहा है. आरोपियों ने भालू के साथ हैवानियत की सारे हदें पार कर दी हैं.
कुछ ग्रामीणों द्वारा भालू को बांधकर बेरहमी से डंडे से पीटा गया. उसके मुंह और पंजे को एक-एक कर तोड़ा. कान को पकड़ कर मरोड़ा.
इसके बाद भी दिल नहीं भरा तो सिर पर एक के बाद एक कई वार किए. इस दौरान भालू दर्द से तड़पता रहा और मुंह से खून बहता रहा.
अंत में भालू तड़प-तड़प कर मर गया. वन विभाग ने आरोपी का पता बताने पर 10 हजार इनाम देने की घोषणा की है.
वायरल वीडियो को लेकर अनुमान लगाया जा रहा है कि यह छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के केरलापाल गांव का है. हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है.
करीब 2 मिनट 20 सेकेंड के इस वीडियो में कुछ ग्रामीण युवकों का चेहरा भी स्पष्ट दिखाई दे रहा है.
ग्रामीण युवक किस प्रकार निर्दयता के साथ पहले भालू के पैरों को एक मोटी बल्ली मे तार से बांधते हैं. उसके बाद डंडे से पीटते हुए मुंह और पंजा को तोड़ते हैं.
इससे पहले भालू की इतनी पिटाई की गई कि उसके मुंह से खून निकल रहा था. युवकों ने भालू को इतना तड़पाया कि भालू दर्द से कराहता रहा.
जिस जगह पर भालू के साथ यह क्रूरता हुई वहां पास में ही ग्रामीण महिलाएं और बच्चे भी खड़े हुए मजे ले रहे हैं.
आरोपियों की तलाश जारी
इस घटना को लेकर वन विभाग हरकत में आ गया है. सीसीएफ आरसी दुग्गा ने जांच शुरू कर दी है.
उन्होंने कहा कि वीडियो उनके हाथ भी लगा है. वीडियो में दिख रहे लोग कौन हैं, कहां के रहने वाले हैं इसका पता लगाएंगे.
आरोपियों पर वन्य प्राणी अधिनियम 1972 के तहत कार्रवाई की जाएगी. वन्य जीवों को मारने पर 2 साल की सजा या फिर आजीवन कारावास का प्रावधान है.