शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

मैनपाट में भाजपा का प्रशिक्षण शुरू, नड्डा ने किया शुभारंभ

मैनपाट में भाजपा का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

H

Hupendra Sharma

07 जुल. 2025, 11:46 AM 3 मिनट में पढ़ें 1

भाजपा का प्रशिक्षण
भाजपा का प्रशिक्षण

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के मैनपाट में आज से भाजपा का 3 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू हो गया है. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शिविर का शुभारंभ किया.


खराब मौसम के चलते जेपी नड्डा दरिमा एयरपोर्ट से सड़क मार्ग के जरिए मैनपाट पहुंचे.


इस शिविर में भाग लेने के लिए छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश प्रभारी एवं बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री नितिन नवीन भी सड़क मार्ग से मैनपाट पहुंचे हैं. 


इस शिविर में केंद्रीय मंत्री अमित शाह, शिवराज सिंह चौहान समेत कई बड़े बीजेपी नेता अलग-अलग दिन पहुंचने वाले हैं.


तीन दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित प्रदेश के 10 मंत्री, 44 विधायक और 10 बीजेपी सांसद भी मौजूद हैं.


सभी सांसद, मंत्री और विधायक सोमवार सुबह से ही मैनपाट पहुंच गए थे. कार्यक्रम शुरू होने से पहले रोपाखर जलाशय के किनारे भाजपा नेताओं ने पौधारोपण किया. 


प्रदेश में पिछले दो दिनों से तेज बारिश हो रही है. मैनपाट में भी आज सुबह तेज बारिश हो रही है.


दरिमा से मैनपाट तक इन सभी नेताओं को हेलिकॉप्टर से आना था, लेकिन मौसम खराब होने के कारण अंबिकापुर एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर पाई.


इस वजह से सभी नेताओं को सड़क मार्ग से ही दरिमा से मैनपाट तक आना पड़ा.  


इधर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और डिप्टी सीएम विजय शर्मा ट्रेन से अंबिकापुर पहुंचे हैं. यहां से मुख्यमंत्री दरिमा पहुंचे और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ मैनपाट पहुंचे.

सभी वर्गों के लिए विकास कार्य- नितिन नवीन

छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश प्रभारी एवं बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री नितिन नवीन मैनपाट शिविर में शामिल होने के लिए सड़क मार्ग से झारखंड होते बीती रात्रि रामानुजगंज पहुंचे.


इस दौरान छत्तीसगढ़ सीमा में प्रवेश करते ही अंतर्राजीय बैरियर पर उनका जोरदार स्वागत किया गया.


इस दौरान उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में जन भावनाओं के अनुरूप समाज के सभी वर्गों के लिए विकास कार्य हो रहे हैं. हम लोगों ने जो वादा किए थे, वादा के अनुरूप कार्यों को मूर्त रूप दिया जा रहा है.


नितिन नवीन रामानुजगंज में रात्रि विश्राम के बाद अल सुबह मैनपाट के लिए निकल गए.


प्रशिक्षण भाजपा का हिस्सा- साव

इस प्रशिक्षण शिविर को लेकर प्रदेश के डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा है कि प्रशिक्षण भाजपा के कार्य का एक हिस्सा है. इस शिविर में एक जनप्रतिनिधि के दायित्व और कार्यों पर भी चर्चा होगी. इस प्रशिक्षण का लाभ प्रदेश के नेताओं और कार्यकर्ताओं को मिलेगा.


वहीं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भाजपा में प्रशिक्षण बहुत महत्वपूर्ण होता है. सभी विषयों पर सरकार के काम की प्रक्रिया पर बात होगी, सभी का प्रशिक्षण होगा.


उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण में ऐसे नेता आएंगे, जिन्होंने संगठन को तैयार करने में अपनी जीवन लगाया है. हम सभी को उनका मार्गदर्शन प्राप्त होगा. 


यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP