दशगात्र भोज के बाद 74 ग्रामीणों की बिगड़ी तबीयत
मुंगेली | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के ग्राम नवागांव चीनू में दशगात्र कार्यक्रम में भोजन करने के बाद अचानक ग्रामीण बीमार पड़ने लगे. देखते ही देखते 74 लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी. इससे गांव में हड़कंप मच गया.
इसकी सूचना मिलते ही कलेक्टर कुंदन कुमार ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को तत्काल गांव भेजकर उपचार और राहत अभियान शुरू करवाया.
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर जाकर प्रभावित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां दीं.
मिली जानकारी के अनुसार गांव के 74 लोग बीमार हैं. इनमें 45 पुरुष, 16 महिलाएं और 13 बच्चे शामिल हैं.
शुरुआती जांच में भोज में शामिल 10 लोगों में डायरिया के लक्षण मिले हैं. इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पूरे गांव में घर-घर जाकर जांच की.
आरएमए, आरएचओ, सीएचओ और मितानिन दल ने घर-घर जाकर मरीजों की पहचान की. सभी को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया.
स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों को उबला पानी पीने, हाथ धोने और ताजा भोजन करने की सलाह दी है.
डीपीएम गिरीश कुर्रे ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम 24 घंटे गांव में तैनात रहेगी. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीम तैयार है.
सीएमएचओ और खंड चिकित्सा अधिकारी ने भी प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी सेहत की जानकारी ली.
उन्होंने ग्रामीणों को साफ पानी पीने, भोजन को ढककर रखने, समय पर दवा लेने और नियमित हाथ धोने की सलाह दी.
अधिकारियों के अनुसार सभी मरीज अब सामान्य स्थिति में हैं और कोई गंभीर मामला सामने नहीं आया है. स्वास्थ्य विभाग गांव में लगातार निगरानी रख रहा है.