फिलीपींस में 7.8 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की चेतावनी
मनीला । डेस्क: फिलीपींस का दक्षिणी हिस्सा सोमवार को भूकंप के तेज झटकों से कांप उठा. रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 7.8 मापी गई है, जिसका केंद्र मिंडानाओ द्वीप के पास जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था. भूकंप के भीषण झटकों के बाद फिलीपींस, इंडोनेशिया और अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली द्वारा सुनामी की चेतावनी जारी की गई है, जिसके बाद तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को तुरंत सुरक्षित और ऊंचाई वाले स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है.
राहत की बात यह है कि आपदा में फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन भूकंप के केंद्र के पास स्थित इलाकों में बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है.
भूकंप के केंद्र से महज 15 किलोमीटर दूर जनरल सैंटोस शहर और सरंगानी प्रांत में झटके इतने तेज थे कि घरों में रखा सामान और टेलीविजन सेट गिर गए. सरंगानी प्रांत में बिजली और दूरसंचार सेवाएं पूरी तरह ठप हो गई हैं और एहतियात के तौर पर स्कूलों को बंद कर दिया गया है.
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, भूकंप के समय कई जगहों पर लोग बेहोश भी हो गए और एक प्रसिद्ध धार्मिक स्थल के ढहने की भी खबर है.
फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि राष्ट्रीय सरकार राहत और बचाव कार्यों के लिए तेजी से कदम उठा रही है और संकट की इस घड़ी में मिंडानाओ के लोगों को हर संभव मदद दी जाएगी.
फिलीपींस की भूकंप विज्ञान एजेंसी 'फिवोलक्स' ने चेतावनी दी है कि समुद्र में एक मीटर से अधिक ऊंची सुनामी लहरें उठ सकती हैं, जो अगले कुछ घंटों तक जारी रह सकती हैं.
वहीं, इंडोनेशियाई एजेंसी ने भी तटीय इलाकों में मामूली लहरें उठने की पुष्टि की है. दोनों देश 'पैसिफिक रिंग ऑफ फायर' क्षेत्र में स्थित होने के कारण अक्सर भूकंप और ज्वालामुखी जैसी प्राकृतिक आपदाओं का सामना करते रहते हैं. फिलहाल प्रभावित इलाकों में नुकसान का आकलन किया जा रहा है.