50 साल पुराना टॉवर गिरा, रेडियो प्रसारण बंद
छत्तीसगढ़ में 50 साल पुराना आकाशवाणी का टॉवर गिरा, रेडियो प्रसारण बंद
जगदलपुर। संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के तेलीमारेंगा में आकाशवाणी का टॉवर गिर गया.
150 मीटर ऊंचा यह टॉवर करीब 50 साल पुराना था और काफी जर्जर हो गया था.
हालांकि घटना के समय आसपास कोई कर्मचारी और ग्रामीण नहीं थे, जिसके चलते एक बड़ा हादसा टल गया.
इस घटना के बाद इलाके में रेडियो पर प्रसारण बंद हो गया है.
बताया गया कि साल 1970 में तेलीमारेंगा में रेडियो प्रसारण केंद्र की स्थापना की गई थी.
उसी समय यहां टॉवर भी लगाया गया था. इसी टॉवर के जरिए क्षेत्र में दूरदर्शन और आकाशवाणी का प्रसारण होता था.
करीब 50 साल पहले स्थापित यह टॉवर काफी जर्जर स्थिति में पहुंच गया था.
इसकी स्थिति जानने के बाद भी प्रशासन ने लापरवाही करते हुए इस टॉवर को ना तो हटाया और ना ही मरम्मत कर मजबूत किया.
जिसके चलते शुक्रवार की शाम टॉवर अचानक धराशाई हो गया.
टॉवर तीन अलग-अलग हिस्सों में गिरा, जिसकी वजह से नजदीक मौजूद बाउंड्रीवॉल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है.
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर आकाशवाणी केंद्र के अधिकारी और परपा पुलिस मौके पर पहुंची.
बताया गया कि तेलीमारेंगा के ग्रामीणों ने पहले भी टॉवर की जर्जर स्थिति को लेकर शिकायत की थी, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई.
ग्रामीणों ने बताया था कि इस मार्ग से हर रोज ग्रामीण आना-जाना करते हैं. टॉवर की जर्जर स्थिति को देखते हुए कभी भी हादसा होने का डर बना रहता था.
हालांकि घटना के समय आसपास कोई नहीं था. जिसके चलते एक बड़ा हादसा टल गया.