US सैन्य अभियानों में 153 नागरिकों की मौत, 243 घायल
नई दिल्ली । डेस्क: अमेरिकी रक्षा मंत्रालय (पेंटागन) के नए आकलनों के अनुसार वर्ष 2025 में अमेरिकी सैन्य कार्रवाइयों के कारण 153 आम नागरिकों की जान चली गई, जबकि 243 लोग गंभीर रूप से घायल हुए. वर्ष 2024 के आंकड़ों से तुलना करें तो नागरिक हताहतों की यह संख्या बहुत बड़ा उछाल दर्शाती है, जब पेंटागन ने केवल 2 मौतों और 2 घायलों की पुष्टि की थी.
अमरीकी कांग्रेस को सौंपी गई पेंटागन की इस रिपोर्ट में खुलासा किया गया है कि वर्ष 2025 में दर्ज किए गए सभी नागरिक हताहत यमन में अप्रैल के दौरान किए गए तीन बड़े अमेरिकी हमलों का परिणाम थे.
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार इस बात की अत्यधिक संभावना है कि यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए इन हमलों में आम नागरिकों को भारी नुकसान पहुंचा. इसके अतिरिक्त, फरवरी 2026 तक गैर-सरकारी संगठनों की रिपोर्टों के आधार पर यमन में 15 अन्य सैन्य घटनाओं की जांच जारी है.
वहीं, कैरेबियाई सागर और पूर्वी प्रशांत महासागर क्षेत्र में चलाए गए छापों और हमलों को इस रिपोर्ट में शामिल नहीं किया गया है. अमेरिकी सदर्न कमांड का कहना है कि उस क्षेत्र में 2025 के दौरान किसी नागरिक क्षति की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
हालांकि, सितंबर 2025 के बाद से कथित नार्को-आतंकवादियों के खिलाफ ट्रंप प्रशासन की ओर से जहाजों पर की गई बमबारी में 200 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. एमनेस्टी इंटरनेशनल और ह्यूमन राइट्स वॉच जैसी मानवाधिकार संस्थाओं ने इन अभियानों को गैर-कानूनी और बिना अदालती सुनवाई के की जा रही हत्याएं करार दिया है.