पाकिस्तान के हमलों से अफगानिस्तान में 11 बच्चों सहित 13 की मौत
नई दिल्ली । डेस्क: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जारी सीमाई विवाद एक बार फिर गहरा गया है. पाकिस्तानी सेना द्वारा अफगानिस्तान के तीन प्रांतों में किए गए ताजा हवाई हमलों में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें 11 बच्चे शामिल हैं.
अफगान तालिबान के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने बुधवार को इस हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि इन हमलों में 14 अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनमें सभी महिलाएं और बच्चे हैं.
तालिबान के अनुसार, पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने अफगानिस्तान की हवाई सीमा का उल्लंघन करते हुए कुनार, खोस्त और पक्तिका प्रांतों में रिहायशी इलाकों और नागरिक घरों को निशाना बनाया.
इस सैन्य कार्रवाई पर हालांकि पाकिस्तानी सेना या सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सुरक्षा सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई उन ठिकानों पर की गई है जिनका इस्तेमाल पाकिस्तानी उग्रवादी पाकिस्तान के खिलाफ गतिविधियों के लिए कर रहे थे.
इस्लामाबाद लंबे समय से काबुल पर पाकिस्तानी उग्रवादियों को पनाह देने का आरोप लगाता रहा है, जबकि तालिबान इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे पाकिस्तान का आंतरिक मामला बताता आया है.
दोनों देशों के बीच इस साल फरवरी में भारी संघर्ष हुआ था, जिसके बाद मार्च में चीन की मध्यस्थता से एक नाजुक संघर्षविराम पर सहमति बनी थी. इस ताजा हमले ने उस शांति को भंग कर दिया है और दोनों देशों के बीच तनाव को एक बार फिर चरम पर पहुंचा दिया है.